'परिचय मातृशक्ति सम्मान–2026' का भव्य आयोजन, मातृत्व की शक्ति और संघर्ष को मिला सम्मान



भुवनेश्वर - ओडिशा
इंडिया इनसाइड न्यूज।

मदर्स डे के अवसर पर ‘प्रयास’ और ‘ब्राइट ओडिशा फाउंडेशन’ के संयुक्त तत्वावधान तथा ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से “परिचय मातृशक्ति सम्मान–2026” कार्यक्रम का भव्य आयोजन भुवनेश्वर स्थित होटल स्वस्ति प्रीमियम में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में माताओं के संघर्ष, त्याग, सफलता और अमूल्य योगदान को सम्मान देना था। कार्यक्रम में समाज, संस्कृति, साहित्य और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में भुवनेश्वर लोकसभा सांसद अपराजिता सारंगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि समाज और परिवार की नींव मां होती है और राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका अतुलनीय है।

विशिष्ट ओड़िया साहित्यकार, प्रबंधक और वक्ता दाश बेनहूर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जर्मनी की संस्था आईएसडीपीएल के प्रबंध निदेशक ब्राम वांडेपिट्टे ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर “परिचय मातृशक्ति सम्मान–2026” के तहत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने अपने संघर्ष, मेहनत और उपलब्धियों के जरिए समाज के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कार्यक्रम में डॉ. भाग्यलिपि मल्ल, ‘प्रयास’ के संस्थापक अध्यक्ष प्रियदर्शी मिश्रा, ‘परिचय’ संस्था की संस्थापक डॉ. रोजालिन पट्टशाणी मिश्रा तथा ब्राइट ओडिशा फाउंडेशन के संस्थापक संजय कुमार महाकुड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गायिका डॉ. जयरश्री धल द्वारा मातृशक्ति को समर्पित मधुर स्वागत गीत से हुई। इस गीत के बोल डॉ. भाग्यलिपि मल्ल ने लिखे थे जबकि संगीत निर्देशन सास्वत त्रिपाठी ने किया। शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशेष वीडियो प्रस्तुति, सम्मान समारोह, संगीत कार्यक्रम, ओडिशी नृत्य और “परिणति एथनिक रनवे – मदर्स डे स्पेशल शो” ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस फैशन शो में ओडिशा की हस्तकरघा कला, पारंपरिक परिधान और संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, मातृत्व सम्मान और ओड़िया संस्कृति के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10457