हावड़ा
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित शरत सदन प्रेक्षागृह में शनिवार को दो दिवसीय हिन्दू राष्ट्र अधिवेशन का शुभारंभ हुआ। अधिवेशन में पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से आए साधु-संतों, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सनातन धर्म के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए भविष्य में भारत को हिन्दू राष्ट्र घोषित करने की मांग उठाई। इस अवसर पर घर वापसी सहित सनातन परंपरा के प्रचार-प्रसार और समाज को संगठित करने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
आयोजकों के अनुसार, यह अधिवेशन आदि गुरु शंकराचार्य की संस्था पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी पश्चिम बंगाल शाखा, एस्ट्रोलॉजर संगठन तथा आर्यामाता संस्था के तत्वावधान में आयोजित किया गया है। प्रेमचन्द्र झा ने कहा कि दुनिया के कई देशों की पहचान उनके बहुसंख्यक धर्म के आधार पर है, जबकि बड़ी संख्या में हिन्दू आबादी होने के बावजूद हिन्दुओं के लिए कोई हिन्दू राष्ट्र नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर यह अधिवेशन आयोजित किया गया है और भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित कर जन-जन तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
दो दिवसीय अधिवेशन के पहले दिन विभिन्न जिलों से आए साधु-संतों और उपस्थित लोगों ने हिन्दू राष्ट्र की मांग के समर्थन में अपने विचार रखे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=10529