हावड़ा में रामनवमी की तर्ज पर निकलेगी भव्य सनातन कांवड़ यात्रा, 3 अगस्त को होगी शुरुआत



हावड़ा
पश्चिम बंगाल
इंडिया इनसाइड न्यूज।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में श्रावण माह के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त को रामनवमी की तर्ज पर भगवान भोलेनाथ की भव्य सनातन कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। सनातन युवा संघ की ओर से आयोजित यह यात्रा हावड़ा के हासकाली पुल से शुरू होकर कोलकाता के प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर तक जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

संस्था के अध्यक्ष पण्डित प्रमोद दुबे और कार्यक्रम के संयोजक सूरज वर्मा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। अब तक करीब 1,000 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो भी श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होना चाहते हैं, उनका स्वागत है। संस्था की ओर से सभी कांवड़ यात्रियों को निःशुल्क पोशाक, कांवड़ और जल ले जाने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि यात्रा में भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़े और भक्ति संगीत शामिल रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में जगह-जगह सेवा शिविर, मेडिकल कैंप तथा पेयजल व अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा करने की भी तैयारी की जा रही है।

सरकार परिवर्तन के बाद रामनवमी की तर्ज पर भव्य कांवड़ यात्रा के आयोजन संबंधी सवाल पर प्रमोद दुबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा पिछले कई वर्षों से निकाली जाती रही है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकार के समय विभिन्न कठिनाइयों के कारण इसे बड़े स्तर पर आयोजित करना संभव नहीं हो पाता था। उनके अनुसार, इस बार परिस्थितियां अनुकूल होने के कारण यात्रा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है और इसमें हजारों शिवभक्तों के शामिल होने की उम्मीद है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=10531