अफराजुल के परिवार के एक सदस्य को नौकरी और तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद



--- रंजीत लुधियानवी, कोलकाता।

कोलकाता, 8 दिसंबर। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार राजस्थान में मारे गए बंगाल के श्रमिक मोहम्मद अफराजुल के परिवार वालों को नौकरी देने के साथ ही तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद भी प्रदान करेगी।

मालूम हो कि अफराजुल को राजस्थान के राजसमंद में एक व्यक्ति की ओर से पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या करने के बाद लव जिहाद का आरोप लगाते हुए किरासन तेल डालकर जला दिया गया था। इस घटना को उसने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया, जिससे उसकी तथाकथित बहादुरी के बारे में लोगों को पता चल सके।

मुख्यमंत्री ने जारी एक बयान में कहा कि शोकाकुल परिवार को हमारी सरकार की ओर से एक छोटी सी मदद के तौर पर तय किया गया है कि पीड़ित परिवार को तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि श्रमिक का परिवार ‘पूरी तरह से असहाय’ है और उनकी सरकार की ओर से दूसरी हर प्रकार की मदद प्रदान की जाएगी। मैं हमारे मंत्रियों और सांसद का एक दल परिवार वालों से मिलने के लिए भेज रही हूं।

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बाद में बताया कि नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम और परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी शनिवार को मालदा जिले में परिवार वालों से मिलने के लिए जाएंगे। मंत्रियों के साथ तृणमूल कांग्रेस नेता और सांसद सौगत राय, सुदीप बंदोपाध्याय और काकोली घोष दस्तीदार, मालदा जिले के वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेता कृष्णेंदु नारायण चौधरी भी उनके साथ पीड़ित परिवार वालों से मिलने के लिए जाएंगे।

मालूम हो कि मुख्यमंत्री की ओर ने कल घटना की निंदा करते हुए उसे ‘अमानवीय’ बताया था। बेरहमी से हत्या करने वाले शंभु लाल रायगर को वीडियो में दिखाया गया था कि ‘लव जिहाद’ के खिलाफ उन्होंने हत्या की है। मृत व्यक्ति के परिवार वालों ने बताया कि कल उसने फोन करके कहा था कि 50 हजार रुपये जमा करने जा रहे है। इस बारे में बेटी से बात भी की थी। माना जा रहा है कि निजी दुश्मनी या रुपये की लूट के लिए हत्या की गई है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1097