--- हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी।
(●) परिसर में भय का माहौल
वाराणसी, 22 दिसंबर। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) डा• राजेश सिंह को परिवार सहित जान से मारने की फोन से धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने अपना नाम शेखर सिंह बताया है वह आजमगढ़ के लालगंज का अपने को निवासी बताया। पीआरओ ने बीएचयू प्राक्टोरियल बोर्ड को पत्र देकर अपनी जानमाल की सुरक्षा की मांग की है।
लंका पुलिस मामले को दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। इस बाबत बीएचयू के पीआरओ ने बताया कि गुरुवार को वह जब अपने दफ्तर में कार्य कर रहे थे, इसी बीच सायं 5:45 बजे उनके मोबाइल पर काल आया। काल करने वाले ने अपना नाम शेखर सिंह बताते हुये पीआरओ से कहा कि तुमने आशुतोष सिंह की गिरफ्तारी की सूचना मीडिया को देकर बहुत बुरा किया है। मैं तुम्हारा घर आफिस दोनो जानता हूं, आऊंगा तो तुम्हें परिवार सहित खत्म कर दूंगा।
इस धमकी को गत बुधवार को आईआईटी बीएचयू मामले सहित कई मामलों में समाजवादी छात्र सभा के आशुतोष सिंह इशु की गिरफ्तारी के बाद परिसर में भड़की हिंसा से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुये बीएचयू प्राक्टोरियल बोर्ड एवं जिला पुलिस प्रशासन की ओर से पीआरओ के आवास और कार्यालय पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। बताते चले कि बुधवार को हुई हिंसा में चिन्हित किये गये आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी छ: पुलिस की टीमों ने उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिये उनके गांव बक्सर, महराजगंज, चंदौली, आजमगढ़, मिर्जापुर और फरीदाबाद में दबिश दी लेकिन आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर रहे। पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
उधर बेखौफ अराजक तत्वों ने गुरुवार को परिसर में अन्तर्राष्ट्रीय छात्रावास में चल रहे निर्माण कार्य स्थल पर पहुंच कर रंगदारी मांगी। ठेकेदार के नहीं मिलने पर अराजक तत्वों ने वहां कार्य कर रहे मजदूरों को मारपीट कर घायल कर दिया। इससे क्षुब्ध मजदूरों ने कार्य बंद कर दिया। इस मामले में भी लंका पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
वैसे देखा जाए तो परिसर में भय का माहौल व्यापत है हर प्रोफेसर, डाक्टर, कर्मचारी और छात्र- छात्राएं अपने को असुरक्षित महसूस करने लगे है। यदि समय रहते बीएचयू प्रशासन द्वारा परिसर में अराजकता रोकने के लिए यदि कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो किसी अन्होनी से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1243