गंगासागर मेले का बजट इस साल 70 करोड़ रुपये



05 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

--- रंजीत लुधियानवी, कोलकाता। आस्था के महापर्व मकर संक्रांति के उपलक्ष में आयोजित होने वाले गंगा सागर मेले में इस साल 20 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने का अनुमान है। दक्षिण चौबीस परगना के जिलाधिकारी वाइ रत्नाकर राव के मुताबिक अभी से ही जिस तरह से श्रद्धालुओं का गंगासागर पहुंचना शुरू हो गया है, उसे देखते हुए इस बार 20 लाख श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद की जा रही है। इस साल कुंभ मेला समेत कोई बड़ा धार्मिक मेला भी नहीं है। पिछले साल सागर मेले में 15 लाख लोग उमड़े थे। इस साल सागर मेला 9 जनवरी से शुरू होकर 17 जनवरी तक चलेगा। इस बाबत तीर्थयात्रियों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए गए हैं।

उनके मुताबिक सागर मेले के आयोजन का इस साल का बजट विभिन्न विभागों के खर्च को मिलाकर लगभग 70 करोड़ रुपये होगा। उन्होंने कहा कि फंड को लेकर कोई समस्या नहीं है। पिछले साल का बजट 61 करोड़ रुपये बताया गया है। तीर्थयात्री की सुविधा के लिए सागर संजोग प्रणाली के तहत सागर स्वीप में विभिन्न जगहों पर 40 विशाल स्क्रीन लगाए जाएंगे, जिससे हिंंदी, अंग्रेजी और बांग्ला में ज्वार-भाटा, लांच के आवागमन के समय, तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं इत्यादि की जानकारी प्रदर्शित होगी।

इसके साथ ही सागर मेले के लिए इस साल शौचालयों की संख्या बढ़ाकर 10,000 की गई है। इसके अलावा 12 मोबाइल शौचालय भी होंगे। पिछले साल 7,000 शौचालयों का निर्माण किया गया था। सागर तट की सफाई पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसमें 500 लोगों को लगाया जाएगा। जगह-जगह कूड़ेदान की भी व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य सेवाओं पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। रूद्रनगर स्थित अस्पताल के अलावा गंगासागर अस्पताल को भी उन्नत किया गया है। सागर मेले में 50 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा दो एयर एबुंलेंस और वाटर एंबुलेंस भी होंगे।

गंगासागर में पहली बार स्थायी तौर पर आॅप्टिकल केबल फाइबर बिछाया गया है, जिससे इस साल संचार व्यवस्था पहले से काफी बेहतर होगी। प्रशासनिक अधिकारी पहली बार सैटेलाइट फोन का भी इस्तेमाल करेंगे। पिछले साल की तरह इस साल भी तीर्थ यात्रियों को 5 लाख रुपये तक का बीमा कवरेज दिया जाएगा। बीमा कवरेज कोलकाता से गंगासागर तक के लिए होगा। इस दौरान दुर्घटना होने पर बीमा राशि के लिए क्लेम किया जा सकेगा।

बस व लांच का किराया भी नहीं बढ़ाया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए बड़े लांच की संख्या पिछले दो बार के दो की जगह बढ़ाकर चार की गई है। गंगासागर में पहली बार चार लेन वाली सड़क का भी निर्माण किया जा रहा है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1373