16 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केन्द्रीय खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने ओडिशा में छह खदानों को बंद किए जाने के बाद लौह अयस्क के उत्पादन की समीक्षा के लिए आज ओडिशा की खनन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान यह बात रेखांकित की गई कि कुछ खनन कंपनियों द्वारा अपनी स्वीकार्य पर्यावरण मंजूरी और अन्य सीमाओं के दायरे में रहते हुए उत्पादन बढ़ाने की अब भी अच्छी गुंजाइश है। मंत्री तोमर ने खनन कंपनियों से अनुरोध किया कि वे माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा दिए गए खनन संबंधी आदेशों का पालन करें और इसके साथ ही अपनी स्वीकार्य सीमाओं के दायरे में रहते हुए अपने उत्पादन को बढ़ाकर अधिकतम स्तर तक पहुंचाने के प्रयास करें। वैसे तो जनवरी में उत्पादन अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है, लेकिन इस क्षेत्र में कार्यरत कंपनियों ने यह आश्वासन दिया कि वे अपना उत्पादन बढा़एंगी, ताकि इस्पात उद्योग को आपूर्ति में आगे भी कोई कमी न रहे। उन्होंने खनन कंपनियों को उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया और इसके साथ ही उन्होंने इस आशय का आश्वासन दिया कि मंत्रालय उत्पादन में वृद्धि को सुविधाजनक बनायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि खनन कंपनियां उन विशिष्ट समस्याओं को सुलझाने के लिए मंत्रालय से संपर्क कर सकती हैं जिनका सामना उन्हें करना पड़ सकता है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1499