ममता ने किया बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन का उद्घाटन, मुकेश अंबानी करेंगे बंगाल में पांच हजार करोड़ का निवेश



कोलकाता, 16 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

(●) बंगाल अब निवेश का नया ठिकाना : ममता

---रंजीत लुधियानवी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुनिया भर के निवेशकों से राज्य में निवेश की अपील करते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल अब निवेश का नया ठिकाना है। वे मंगलवार को यहां बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन (बीजीबीएस) के उद्घाटन समारोह में बोल रही थीं। उन्होंने इस मौके पर देश-विदेश के तमाम प्रमुख उद्योगपतियों की मौजूदगी में कहा कि राज्य में राजनीतिक स्थिरता है और अगर वे यहां निवेश करते हैं तो बंगाल उनको सबकुछ देगा। यहां किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी, आर्सेलर मित्तल के सीईओ एल•एन• मित्तल, जेएसडब्ल्यू समूह के सज्जन जिंदल के अलावा उदय कोटक, फ्यूचर समूह के किशोर बियानी और संजव गोयनका समेत तमाम विदेशी प्रतिनिधि मौजूद थे। लेकिन पिछले साल की तरह अबकी भी कोई केंद्रीय मंत्री इस मौके पर मौजूद नहीं था।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पहले इस सम्मेलन में हिस्सा लेना था। लेकिन बीते सप्ताह महानगर में भाजपा की एक रैली पर तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कथित हमलों के विरोध में उन्होंने इसमें हिस्सा नहीं लिया। उन हमलों के बाद ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कह दिया था कि गडकरी सम्मेलन में हिस्सा नहीं लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन, पौलैंड, दक्षिण कोरिया, इटली, जर्मनी और इंग्लैंड समेत नौ प्रमुख देश सम्मेलन के साझीदार देश बन गए हैं। इसके अलावा इतने बड़े पैमाने पर उद्योगपतियों की मौजूदगी से साफ है कि बंगाल उद्योगों के प्रति गंभीर है। ममता ने कहा कि राज्य सरकार यहां हड़ताल की अनुमति नहीं देती और बीते छह साल में एक भी मानस दिवस का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उद्योग हमारी संपत्ति है और हम इससे प्यार करते हैं। यही वजह है कि अगर तृणमूल कांग्रेस का कोई व्यक्ति भी उद्योग की राह में रोड़े अटकाने का प्रयास करता है तो उसे बख्शा नहीं जाता।


(●) मुकेश अंबानी करेंगे बंगाल में पांच हजार करोड़ का निवेश

रिलायंस इंडिया लिमिटेड (आरआईएल) के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने टेलीकाम और पेट्रोल के खुदरा कारोबार के विस्तार के लिए पश्चिम बंगाल में पांच हजार करोड़ रुपये के निवेश का एलान किया है। उन्होंने राज्य में मोबाइल फोन और सेट-टाप बाक्स के निर्माण की फैक्टरी लगाने की भी बात कही है। वे मंगलवार को यहां शुरू होने वाले दो-दिवसीय बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन (बीजीबीएस) के पहले दिन बोल रहे थे।
अंबानी ने अपने भाषण में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ही पश्चिम बंगाल पश्चिम बंगाल बना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सकारात्मक सोच की वजह से असंभव काम भी संभव हो सकता है। रिलांयस समूह के मुखिया ने कहा कि उनकी कंपनी ने राज्य में साढ़े चार हजार करोड़ के निवेश का फैसला किया था। लेकिन वह अब तक यहां लगभग 15 हजार करोड़ निवेश कर चुकी है। इसका ज्यादातर हिस्सा रिलायंस जियो के लिए तेज गति वाले मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क की स्थापना पर किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ वर्षों में कंपनी यहां टेलीकाम समेत विभिन्न क्षेत्रों में और पांच हजार करोड़ का निवेश करेगी। अंबानी ने कहा कि उनकी कंपनी बंगाल को मोबाइल फोन, सेट-टाप बाक्स और दूसरे उपभोक्ता उपकरणों के निर्माण का केंद्र बनाना चाहती है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1509