वाराणसी, 17 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
---पंकज चतुर्वेदी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अतिसंवेदनशील काशी विश्वनाथ मंदिर के समीप दालमंडी इलाके में बनाये जा रहे अंडरग्राउंड ‘शहर’ का वाराणसी पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार आधी रात को जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आर• के• भारद्वाज ने छापेमारी करते हुए इस कारगुजारी का भंडाफोड़ किया है। मामला सामने आने के बाद जिले के खूफियातंत्र में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रसाशन और बनारसियों को कानोकान खबर तक नहीं हुई और श्री विश्वनाथ मंदिर से महज चंद कदम दूर धरती के नीचे गोपनीय तरीके से अवैध ‘शहर’ का निर्माण हो गया। दालमंडी इलाके में धरती के नीचे बस रहे शहर का हैरतंगेज खुलासा उस वक्त हुआ जब सोमवार की आधी रात के बाद एसएसपी आर• के• भारद्वाज गश्त पर निकले।
● अतिक्रमण चेक कर रहे थे एसएसपी
दरअसल, एसएसपी आर• के• भारद्वाज दालमंडी इलाके से अतिक्रमण हटाने के बाबत पूर्व में दिए निर्देश के क्रम में निरीक्षण के लिए निकले थे। इस दौरान चौक थाने के बगल से दालमंडी में प्रवेश करने पर लंगड़ा हाफिज मस्जिद के सामने एक कटरे के बेसमेंट में कुछ रोशनी दिखाई दी। पता चला कि बेसमेंट में काम चल रहा है। पुराने मकान में बेसमेंट के निर्माण की बात पता चलने पर पार्किंग की व्यवस्था देखने के लिए उत्सुकतावश एसएसपी ने कटरे में प्रवेश किया।
● दालमंडी से बेनिया पार्क के नजदीक तक अंडरग्राउंड सिटी
कप्तान के साथ ही चौक पुलिस भी हैरान रह गई क्योंकि कटरे का मुहाना दालमंडी से शुरू हुआ और बेनिया पार्क की तरफ जाने वाले मार्ग पर जाकर समाप्त हुआ। एसएसपी बेसमेंट में घुसे और अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। बेसमेंट में लगभग 40 बिस्वा में अंदर एक के बाद एक कई कटरे बने थे।
● और फिर शुरू हुई ताबड़तोड़ छापेमारी
इसके बाद एसएसपी ने आसपास के अन्य कटरों की छानबीन शुरू की। जैसे-जैसे पड़ताल बढ़ती गई पुलिस की हैरानी भी बढ़ती गई। वहां मौजूद दर्जनों कटरे के नीचे एक नया बाजार बनाया जा रहा था। आलम यह कि मस्जिद के आसपास भी खोदाई कर बेसमेंट में कटरा बनाया जा रहा था।
● वीडीए और नगर निगम को दी गई जानकारी
एसएसपी आर• के• भारद्वाज ने बताया कि यहां वाकई खतरनाक स्थिति देखने को मिली। अंदाजा नहीं था कि दालमंडी में गुपचुप तरीके से वृहद स्तर पर धरती के नीचे पूरा शहर तैयार किया जा रहा था। पुलिस अधिकारी के अनुसार वीडीए व नगर निगम के अधिकारियों से वार्ता कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराने के साथ ही पत्र लिखा गया है। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से शुरुआती कार्रवाई कर रही है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1510