हावड़ा, 17 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
---रंजीत लुधियानवी। तृणमूल कांग्रेस का मानना है कि उलबेड़िया लोकसभा उपचुनाव में उसे आसानी से जीत तो मिलेगी ही, लेकिन वह कम से कम ढाई लाख वोटों से यह सीट जीतना चाहता है। जिससे इस साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले राज्य भर के लोगों को संदेश जाए कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के आसपास भी कोई नहीं है। हालांकि इलाके में बड़ी जनसभा या पदयात्रा करने के बजाए लोगों के घर-घर जाकर प्रचार करने पर जोर दिया जा रहा है। पंचायत चुनाव के मद्देनजर दल की ओर से निर्देश दिया गया है कि बूथ स्तर पर छोटी-छोटी सभाएं करने के साथ ही लोगों के घरों में जाकर प्रचार किया जाए।
हावड़ा जिला ग्रामीण तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष पुलक राय का कहना है कि उलबेड़िया में हमारी जीत के बारे में किसी को शक नहीं है। लेकिन हम चुनाव मैदान में बाद में होने वाले पंचायत चुनाव के मद्देनजर उतर रहे हैं। अगले कुछ ही महीनों बाद राज्य में पंचायत चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में हम किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते। जीत का लक्ष्य कम से कम ढाई लाख वोट करना तय किया गया है। अगर यह ज्यादा हो जाए, तब पंचायत चुनाव में ज्यादा आसानी होगी।
दूसरी ओर, माकपा उम्मीदवार सबीरुद्दीन मोल्ला का कहना है कि लंबे समय से यहां राजनीति में हूं और घर-घर जा कर प्रचार कर रहा हूं। उनका कहना है कि लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
भाजपा उम्मीदवार अनुपम मल्लिक भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं। उनका कहना है कि इलाके के लोग मुझे पहचानते हैं, इसलिए बड़ी जनसभाएं करने की जरुरत महसूस नहीं कर रहा।
मालूम हो कि नौ साल तक सांसद रहने के दौरान सुल्तान अहमद ने इलाके में क्या विकास किया है, तृणमूल उम्मीदवार व उनती पत्नी सजदा अहमद लोगों को घर-घर जाकर यह समझा रही है। इलाके के बाढ़ पीड़ितों की केंद्र की ओर से उपेक्षा और आर्थिक मदद नहीं किए जाने और राज्य सरकार की ओर से आमता, उदयनारायणपुर इलाके में बाढ़ रोकने के लिए शुरू की गई 2768 करोड़ की परियोजना के बारे में भी बताया जा रहा है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1514