वाराणसी में परिवहन ढांचे का जीर्णोद्धार तेजी से जारी



वाराणसी, 24 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

(■) गंगा पर सात राजमार्ग परियोजनाओं और एक मल्‍टी मॉडल टर्मिनल का निर्माण कार्य जारी

(■) मनसुख मंडाविया ने जारी परियोजनाओं की समीक्षा की

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी और रसायन तथा उर्वरक राज्‍य मंत्री मनसुख एल• मंडाविया ने वाराणसी का एक दिवसीय दौरे किया। उन्होंने शहर और शहर के आस-पास चल रही राजमार्ग निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और विश्‍व बैंक की सहायता से गंगा नदी पर जलमार्ग विकास परियोजना के तहत मल्‍टी मॉडल टर्मिनल हब का दौरा किया। उन्‍होंने प्रधानमंत्री जन औषधि केन्‍द्र का उद्घाटन भी किया।

मनसुख मंडाविया ने सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के परियोजना लागू करने वाली इकाई पीआईयू के अधिकारियों तथा एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्‍होंने कहा कि राष्‍ट्रीय राजमार्ग देश के ढांचे की रीढ़ है और उनकी सरकार देश के ढांचागत विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस समय वाराणसी में 5260 करोड़ लागत की राष्‍ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी सात परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसके अतिरिक्‍त सड़कों से जुड़ी 5764 करोड़ रुपये की दो परियोजनाएं भी शुरू होनी हैं।

उन्होंने 169.70 करोड़ लागत वाली मल्‍टी मॉडल टर्मिनल हब का भी दौरा किया। यह योजना जल मार्ग विकास परियोजना का हिस्‍सा है। इस टर्मिनल की क्षमता 0.54 मिलिटन टन प्रति वर्ष है। इस टर्मिनल का निर्माण कार्य नवम्‍बर, 2018 तक पूरा होने की उम्‍मीद है।

किफायती कीमतों पर सभी को गुणवत्‍तापूर्ण जेनेरिक दवाएं मिलना सुनिश्चित हों, इसके लिए वाराणसी के रामारेपुर पहडि़या में प्रधानमंत्री जन औषधि केन्‍द्र का भी उन्‍होंने उद्घाटन किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1574