हावड़ा में 26 जनवरी को तिरंगा महारैली



हावड़ा, 24 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

---प्रकाश पाण्डेय। आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित होने वाली तिरंगा महारैली से पूर्व बुधवार को आयोजित विशेष संवाददाता वार्ता को संबोधित करते हुए हावड़ा हिन्दू चेतना मंच के अध्यक्ष सूर्यभान गुप्ता ने कहा कि हर साल की तरह ही इस साल भी तिरंगा महारैली का आयोजन किया जाएगा। जो हावड़ा के लिलुआ बड़ा गेट से सुबह 8.30 बजे शुरू होगा और बेलुर बाजार के रास्ते घुसुड़ी धाम होते हुए हावड़ा एसी मार्केट और पिलखाने के रास्ते वापस अपने प्रारम्भिक स्थल पर ही खत्म होगा। आगे उन्होंने कहा कि पिछले साल इस महारैली में तकरीबन तीन हजार लोगों ने हिस्सा लिया था और अबकी उम्मीद है कि यह संख्या बढ़ कर 5 हजार तक हो सकती है। स्थानीय लोग व कई सामाजिक संस्था ने भी इस बार तिरंगा रैली में स्वइच्छा से जुड़ने का अनुरोध किया है। हमारा उदेश्य है कि लोग राष्ट्र की अखंडता को बरकरार रखने के लिए अपने-अपने घरों से निकले और इस महापर्व का हिस्सा बनें। इस रैली में समाज के कई गणमान्य लोग हिस्सा लेने वाले हैं।

वहीं सचिव दिलीप गिरी ने बताया कि इस रैली के पीछे हमारा महज एक ही उदेश्य है कि लोग तिरंगे के सम्मान में सबकुछ छोड़कर लामबन्द हो। ज्यादातर देखा जाता है कि आम छूट्टियों की तरह लोग इस महापर्व को भी अपने-अपने घरों में सो कर खत्म कर देते हैं। ऐसे में हिन्दू चेतना मंच समस्त हावड़ावासियों से आग्रह करती है कि आप इस तिरंगा महारैली में शामिल होकर राष्ट्र ध्वज के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करें।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1578