उत्तर प्रदेश, 24 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी और जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी 25 जनवरी 2018 को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज, देवरिया एवं गाजीपुर में आयोजित हो रहे अलग-अलग कार्यक्रमों में 6517 करोड़ की लागत वाली 246 किमी लंबी सात महत्वपूर्ण राजमार्ग योजनाओं के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में नितिन गडकरी एनएच-730 पर 146.39 करोड़ रुपये की लागत से उरका से रामनगर के 26.9 किमी लंबे खंड और 222.49 करोड़ रुपये की लागत से सिसवा बाबू से कप्तानगंज तक के 33 किमी लंबे राजमार्ग खंड का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का लोकापर्ण करेंगे और एनएच-730 पर 193 करोड़ रुपये की लागत से रामनगर–सिसवा बाबू सड़क मार्ग का 21.12 किमी लंबे मार्ग का दो-लेन/चार-लेन (निर्मित क्षेत्र में) पेव्ड शोल्डर का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
गाजीपुर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में नितिन गडकरी 3580 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-29 के गाजीपुर-मऊ राजमार्ग के 65.38 किमी लंबे खंड के चार लेन का चौड़ीकरण एवं 1500 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-97 केहृदयपुर से टिकरी बुजुर्ग खंड़ के सड़क मार्ग का चार लेन का चौड़ीकरण और गाजीपुर–जमनिया-सैयदराजा खंड का 56.200 किमी लंबे राजमार्ग को चार लेन का चौड़ीकरण करने की योजना का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर नितिन गडकरी गाजीपुर में राष्ट्रीय जलमार्ग-1 (गंगा नदी) पर स्थित 155 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे इंटरमोडल टर्मिनल का शिलान्यास भी करेंगे। गाजीपुर का इंटरमोडल टर्मिनल एनडब्ल्यू-1 और राष्ट्रीय राजमार्ग-19, जो कि सिर्फ 650 मीटर दूरी पर स्थित है, को जोड़ता है। एनएच-19 बिहार की राजधानी पटना को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से जोड़ता है।
देवरिया में आयोजित एक अन्य समारोह में 600 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-727ए के देवरिया बाईपास पर 15 किमी लंबे सड़क मार्ग और एनएच-730 पर 275 करोड़ रुपये की लागत से कप्तानगंज-पडरौना के 27.75 किमी लंबे दो-लेन/चार-लेन (निर्मित क्षेत्र में) पेव्ड शोल्डर के चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
इस अवसर पर केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा अन्य गणमान्य अतिथी भी उपस्थित रहेंगे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1585