पहली बार पानी पर तैर रहीं नावों पर बाजार



कोलकाता, 27 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

मेट्रो देश में पहली बार चली थी और अब पहली बार देश के किसी मेट्रो में पानी पर तैरती नावों पर बाजार सज गया है। हाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका अनावरण किया। बाजार का निर्माण कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी (केएमडीए) ने कराया है। बाजार और यहां पर लगाई गई नाव को तैयार करने के लिए तकरीबन छह करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इस बाजार को एक खास मकसद से शुरू किया गया है। सरकार ने विकास कार्य के चलते करीब 200 दुकानदारों को पहले यहां से हटा दिया था, जिन्हें पुन:स्थापित करने के लिए यह बाजार बनाया गया है।

दक्षिण कोलकाता के पतौली स्थित झील को तैरने वाले बाजार में तब्दील किया गया था। ऐसा ही 400 मीटर लंबा और 60 मीटर चौड़ा बाजार थाईलैंड में भी लगता है। बाजार में नाव पर बैठे दुकानदार सब्जियां, फल, मछली और मांस बेच रहे हैं।

एक अधिकारी ने इस बारे में कहा, "खरीदारों को इस बाजार के जरिए एक अनोखा अनुभव मिलेगा। वे खड़े होने और चलने-फिरने के दौरान सामान खरीद सकेंगे। नाव पर दरवाजे होंगे, जिससे वह उन पर आ-जा सकेंगे। यह बाजार सुबह छह बजे से रात के नौ बजे तक खुला रहेगा।"

तैरने वाले इस बाजार को शुरू करने का उद्देश्य मुख्य रूप से वैष्णवघाट-पतौली बाजार के दुकानदारों को पुन:स्थापित करना है। चार लेन वाले इस इलाके को छह लेन का किया गया था, जिसके कारण सरकार को यहां से 228 दुकानदारों को हटाना पड़ा था।

सूत्रों के अनुसार, बाजार और नावों को तैयाक कराने में तकरीबन छह करोड़ रुपये का खर्च आया है, जबकि चार करोड़ रुपये इस इलाके से जुड़े अंडरग्राउंड सीवर को बनाने में लगे हैं। नाव तक दुकानदारों और खरीददारों के पहुंचने के लिए लकड़ी के पटरों की मदद से रास्ते तैयार किए गए हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1610