बंगाल में भाजपा-कांग्रेस-माकपा तीनों एक साथ मिल कर भी हमारा मुकाबला नहीं कर सकते : ममता



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता/हावड़ा, 02 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राज्य की दो सीटों पर शानदार जीत हासिल करने के साथ ही विरोधियों को बुरी तरह पछाड़ने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज विधानसभा और एक जनसभा में विरोधियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा-कांग्रेस-माकपा तीनों एक साथ मिल कर भी हमारा मुकाबला नहीं कर सकते।

हावड़ा जिले के डुमूरजला मैदान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणणूल कांग्रेस के युवा नेताओं की सभा में भाजपा पर जोरदार हल्ला बोलते हुए कहा कि भाजपा को तो बजट बनाना ही नहीं आता है। सत्ता चले जाने की हताशा में डर कर यह बजट पेश किया गया है।

ममता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कह रहे हैं कि बंबू मिशन बनाएंगे, यह बात उनके दिमाग में कहां से आई ? उन्होंने दावा किया कि यहां कांग्रेस, माकपा और भाजपा एक साथ मिलकर भी हमें पराजित नहीं कर सकेंगे।

स्वास्थ्य के नाम पर केंद्र की ओर से की गई घोषणाओं को गप्पबाजी बताते हुए उन्होंने कहा कि 2019 में इस तरह से हारेंगे कि ढूंढने पर भी नहीं मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। उनका मानना है कि सभी लोगों को साथ लेकर चलना चाहिए। रुपये देकर, बाइक देकर बंगाल नहीं जीत सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा को बंगाल में कुछ वोट मिल रहे हैं, वे वोट माकपा के हैं। तृणमूल नेत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि कहीं-कहीं कांग्रेस के साथ भी भाजपा ने तालमेल किया है।

भाजपा पर हल्ला बोलते हुए नाम लिए बगैर एक बार फिर भाजपा में जाने वाले मुकुल राय को गद्दार और मीरजाफर कह कर उन्होंने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एकाध गद्दार सारी जगह रहते हैं। लेकिन मीरजाफरों पर भरोसा नहीं करें। विश्वासघात करने वाले चले गए हैं, उनके चले जाने से दल को रिहाई मिल गई है।

दल की सभा में संगठन को और ज्यादा मजबूत करने की अपील करते हुए ममता ने कहा कि मैं नेता हूं, ऐसा अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तृणमूल में जो व्यक्ति तृणमूल कार्यकर्ता समझ कर खुद को गौरवान्वित महसूस करता है, जो खुद को तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता मानता है, ऐसे व्यक्ति को मैं 100 में 100 नंबर दूंगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि दल की सुरक्षा आंख की पुतलियों की तरह करनी होगी।

उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी देते हुए लोगों से कहा कि यहां नोटों के बदले टिकट की बिक्री नहीं होती है। जो लालच पर अंकुश लगाते हैं, ऐसे लोगों को मैं पसंद करती हूं।

इसके साथ ही तृणमूल नेत्री ने युवा नेताओं, कार्यकर्ताओं से कहा कि जिलों में सोशल नेटवर्किंग को और ज्यादा मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस दल नहीं रहेगा तो लोगों की आवाज उठाने वाला कोई नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि इतनी ज्यादा व्यस्तताओं के बाद जब मैं जनसंपर्क कायम रख सकती हूं, तब आप लोग भी यह काम कर सकेंगे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1669