---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 19 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी की नेता जया बच्चन को अप्रैल में होने वाले राज्यसभा चुनावों में अपना उम्मीदवार बना सकती हैं। इस बारे में अटकलों का दौर तेज हो गया है। अप्रैल में तृणमूल कांग्रेस के चार सांसदों का कार्यकाल पूरा होने वाला है।
सूत्रों ने बताया कि चार सीटों के लिए जिन दो नए चेहरों की चर्चा हो रही है उनमें जया बच्चन का नाम सबसे ऊपर है। उनका भी तीसरा कार्यकाल तीन अप्रैल को पूरा हो रहा है। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवारों के नामों का औपचारिक एलान 18 मार्च तक होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद ही जया ने इस मुद्दे पर ममता से संपर्क किया था। जया की जड़ें बंगाल से जुड़ी हैं और वे यहां काफी लोकप्रिय भी हैं। उनके पति अमिताभ बच्चन को अक्सर बंगाल का दामाद कहा जाता है। कोलकाता फिल्मोत्सव के उद्घाटन समारोह में ममता के आमंत्रण पर अमिताभ पूरे परिवार के साथ शिरकत करते रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस के जिन चार सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है उनमें से एक कुणाल घोष को तो पार्टी ने पहले ही निलंबित कर दिया है। बाकी तीन में से दो पत्रकार और संपादक हैं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=1819