रूपा के ट्विट पर बरपा हंगामा.......पर नहीं होगी कार्रवाई : लोगों के सामने उन्हे गाली देने का प्रदेश अध्यक्ष पर आरोप



---रंजीत लुधियानवी, 22 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

भारतीय जनता पार्टी की सांसद रूपा गांगुली ने दल का अनुशासन भंग किया है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पत्रकारों को यह जानकारी दिया। मालूम हो कि रूपा गांगुली ने ट्विट में प्रदेश अध्यक्ष पर जोरदार हल्ला बोला था। लेकिन व्यापक विरोध और हंगामा बरपने के बाद उसे डिलीट कर दिया गया। हालांकि राज्य भाजपा के सोशल मीडिया ग्रूप में उन्हें ब्लाक किया गया है, यह ट्विट डिलीट नहीं किया गया था।

मालूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दल के अखिल भारतीय अध्यक्ष अमित शाह के नाम पर कहा जा रहा है कि रूपा गांगुली ने प्रदेश अध्यक्ष को चेतावनी दी है। रूपा का मुख्य आरोप यह है कि दिलीप घोष लोगों के सामने उन्हें गाली देते हैं। उन्होंने अपने ट्विट में कहा है कि मैं यह बात मोदी जी को मैसेज करके बता सकती थी। मैं अमित भाई साहब के साथ बात कर सकती थी। लेकिन मेरे पिता ने बड़े-बुजुर्गों के आदर करने के बारे में बताया है। इसलिए दिलीप दा, मैंने उन्हें नहीं बताया है। दिलीप घोष के बारे में उन्होंने ट्विट करते हुए लिखा कि आप लोगों के सामने मेरे बारे में गलत बातें कर रहे हैं, चीखते हैं। लेकिन मैं चुप रहती हूं। आप मुझे सारे लोगों के सामने बेइज्जत करते हैं, अपमानित करते हैं।

रूपा के उक्त ट्विट को लेकर भारी हंगामा बरप गया। बताया जाता है कि दिलीप घोष के बारे में अपना ट्विट उन्होंने भाजपा के पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय के कहने पर मिटा दिया है। लेकिन सोशल मीडिया संबंधित ट्विट रह गया है। इसमें रूपा ने लिखा है कि दिलीप दा, बांग्ला के मीडिया की जिम्मेवारी किस की है ? मेहरबानी करके मुझे बताएं और बताएं कि वे मुझे फोन करें। मुझे कभी भी उनसे कोई जवाब नहीं मिलता है। दलकी कोर कमेटी में जो मैसेज ग्रूप है, उसमें मुझे ब्लाक किया गया है। सूत्रों का कहना है कि रूपा को ब्लाक किए जाने के बारे में घोष ने दल के सांगठनिक सचिव के साथ बात की है।

हालांकि घोष का कहना है कि उनके ट्विट रूपा को दिखाई देते हैं, अगर उन्हें ब्लाक किया गया होता तब उन्हें मेरे ट्विट दिखाई नहीं देते। ऐसा लगता है कि किसी तकनीकी खराबी के कारण रूपा को ऐसा लग रहा है कि उन्हें ब्लाक कर दिया गया है। कोर कमेटी ग्रूप में जो मैसेज भेजे जाते हैं, वहां किसी बैठक के होने पर परिवर्तन नहीं होता है। इसलिए इस बारे में बाद में कोई बात नहीं करता, जिसे बैठक में आना होता है आता है। जिसे नहीं आना होता है, वह नहीं आता है।

यह पूछे जाने पर कि रूपा ने प्रधानमंत्री और दल के अध्यक्ष का नाम लेकर आपको धमकाने की कोशिश की है क्या, घोष का कहना है कि हमारे दल में कोई किसी को धमका नहीं सकता है। उसे अगर मेरे बारे में कुछ कहने की जरुरत है, तब दल में उपर वाले पद पर जो हैं उन्हें कह सकती है। हमारे दल में विधायक, सांसद दल नहीं चलाते हैं। संगठन के नेता दल चलाते हैं। यह हमारे दल की कार्यप्रणाली है। रूपा अभी तक हमारे दल की कार्यशैली को ग्रहण नहीं कर सकी है। उम्मीद है कि जल्द ही सीख लेंगी, हालांकि उन्होंने दल के अनुशासन के बाहर जाकर काम किया है। लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी क्योंकि हमारे दल में सीखने का मौका प्रदान किया जाता है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1850