सराहनीय पहल : ग्रामीण हुनर को मेले में मिला मंच



---हरिओम पाण्डेय, सोनभद्र, 26 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

◆ प्रेरणा महिला समिति, बीना ने किया ’आनंद मेले’ का आयोजन

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के बीना क्षेत्र की प्रेरणा महिला समिति ने रविवार को आनंद मेले का भव्य आयोजन किया। स्थानीय हुनर को अपने उत्पाद प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करने और आस-पास के जरूरतमंद लोगों के लिए धन राशि एकत्रित करने के उद्देश्य से बीना स्टेडियम प्रांगण में इस मेले का आयोजन किया गया। एनसीएल के कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षा प्रतिमा पाण्डेय ने बतौर मुख्य अतिथि एवं कृति महिला की उपाध्यक्षा कौशल्या शास्त्री ने बतौर विशिष्ट अतिथि मेले का उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने मेले का भ्रमण किया एवं भव्य मेले के आयोजन के लिए प्रेरणा महिला समिति, बीना की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि प्रेरणा महिला समिति, बीना क्षेत्र के आस-पास के ग्रामवासियों के उत्थान के लिए बहुत अच्छा कार्य कर रही है। मेले द्वारा प्राप्त धनराशि आस-पास के गांववासियों के कल्याण एवं उन्हें विभिन्न तरह के मदद पहुंचाने हेतु उपयोग में लाई जाती है।

मेले के आयोजन से बीना क्षेत्र के आस-पास के ग्रामीणों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिला। महिला समिति की सदस्याओं तथा स्थानीय ग्रामीणों ने हाथ से बने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाकर मेले में आए लोगों को अपने उत्पाद बेचे। मेला घूमने आए लोगों खासकर महिलाओं एवं बच्चों के लिए खान-पान एवं मनोरंजन की भी पर्याप्त व्यवस्था थी। मेले में लगाए गए फूड स्टॉलों पर लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का जमकर लुत्फ उठाया।

एनसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न एनसीएल क्षेत्रों के अधिकारियों-कर्मचारियों व उनके परिवार जनों और आस-पास के ग्रामीणों ने भारी संख्या में मेले में आकर मेले का भरपूर आनंद उठाया।

प्रेरणा महिला समिति की अध्यक्षा किरण कुमार के मार्गदर्शन में लगाए गए मेले के आयोजन में समिति की अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने योगदान दिया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1871