श्यामा प्रसाद की मूर्ति के साथ तोड़-फोड़, कालिख पोतने से भाजपा नाराज, सात गिरफ्तार



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 07 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

त्रिपुरा में ब्लादीमीर लेनिन और तमिलनाडु में पेरियार की मूर्तियों को ढहाने के नतीजों के विरोध के बीच बुधवार को एक वामपंथी छात्र संगठन रेडिकल के सदस्यों ने यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के घर के पास लगी जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की मूर्ति के साथ तोड़-फोड़ की और उसके मुंह पर कालिख पोत दी। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है और मूर्ति की मरम्मत शुरू कर दी है। भाजपा ने इस घटना के खिलाफ बुधवार को महानगर में प्रदर्शन किया और राज्य सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

गिरफ्तार छात्र जादवपुर विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। उन्होंने मौके पर एक पोस्टर भी छोड़ा था जिसमें कहा गया था कि यह त्रिपुरा की घटना का बदला है। इलाके के तृणमूल कांग्रेस विधायक और बिजली मंत्री शोभनदेव चटर्जी ने कहा है कि जादवपुर विश्वविद्यालय के कुछ नक्सली छात्रों ने इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

मुख्यमंत्री ममता ने साफ कहा है कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कोलकाता नगर निगम ने घटना के कुछ देर बाद ही मूर्ति पर लगी कालिख साफ कर दी। अब उस मूर्ति को ढक दिया गया है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=1959