सुजीत सान्याल रोटरी क्लब रेणुकूट के अध्यक्ष बने



अनिल द्विवेदी, ब्यूरो इंडिया, इंडिया इनसाइड राष्ट्रीय।
रेणुकूट, 31 जुलाई। हिण्डाल्को प्रेक्षागृह में रविवार, दिनांक 30 जुलाई को देर तक चले 42वें अधिष्ठापन समारोह में रो० सुजीत सान्याल को सत्र 2017-18 के लिए रोटरी क्लब, रेणुकूट का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस अवसर पर रो० शशि तिवारी ने पिछले सत्र में क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी के पास्ट डिस्ट्रक्ट गवर्नर रो० प्रदीप मुखर्जी व विशिष्ट अतिथि इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रक्ट गवर्नर रो० डा० प्रमोद कुमार ने हिण्डाल्को के मुखिया एस०एन० जाजू व मानव संसाधन प्रमुख सतीश आनंद की उपस्थिति में नव निर्वाचित अध्यक्ष रो० सुजीत सान्याल, सचिव रो० शशि तिवारी, कोषाध्यक्ष रो० मणिकांत पाण्डेय सहित नई कार्यकारिणी के सदस्यों को पद की शपथ दिलाई व रो० सान्याल को अध्यक्षीय पिन प्रदान किया। पिछले सत्र के अध्यक्ष रो० एस०एन० राय ने सुजीत सान्याल को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर क्लब की बागडोर सौप दी। इस अवसर पर रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए मुख्य अतिथि रो० मुखर्जी ने कहा कि अन्य क्लबों को भी रेणुकूट क्लब से प्रेरणा लेकर अनुकरणीय सेवा कार्यों में और तेजी लाना चाहिए। नवनियुक्त अध्यक्ष रो० सुजीत सान्याल ने बताया कि रोटरी इन्टरनेशनल के सहयोग से रेणुकूट क्लब द्वारा हिण्डाल्को अस्पताल में एक ‘‘प्लेटीलेट मशीन’’ लगाया जा रहा है जिससे क्षेत्र के डेंगू व अन्य रोगों के मरीजों के लिए प्लेटीलेट स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा गांव की ओर कार्यक्रम के तहत सितम्बर माह से हर माह अलग-अलग गांवों में नियमित रूप से मेडिकल कैम्प का आयोजन प्रारंभ किया जायेगा जिससे निर्धन ग्रामीणों का इलाज उन्हीं के क्षेत्र में हो सकेगा। कार्यक्रम का संचालन रो० प्रतिभा व रो० पूनम वार्षणेय ने किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सभी सदस्य परिवार सहित उपस्थित रहें।

https://www.indiainside.org/post.php?id=204