बरेली, 27 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने उन समाचार रिपोर्टों को गंभीरता से लिया है, जिसमें यह बताया गया है कि सोमवार को बरेली में दो पशु-तस्करों से मंत्री के जाली लेटरहेड जब्त किए गए हैं।
आरोपियों को स्थानीय पुलिस ने पशुओं को अवैध रूप से तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। उनसे जाली लेटरपैड और वरिष्ठ अधिकारियों की मुहरें भी जब्त की गई हैं।
श्रीमती गांधी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि इस तरह का कोई पत्र किसी व्यक्ति अथवा किसी संस्थान के नाम जारी नहीं किया गया है। मैंने हमेशा पशु कल्याण की वकालत की है। मैंने अपने लेटरहेड के माध्यम से किसी व्यक्ति या किसी संस्था को कभी भी प्राधिकृत नहीं किया है कि वे अवैध रूप से पशुओं को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जा सकें। बरेली पुलिस ने मुझे सूचना दी है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मेनका संजय गांधी ने कहा कि मैंने इन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=2179