5 से 8 अप्रैल 2018 त‍क अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर 15वां वित्‍त आयोग



04 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

15वां वित्‍त आयोग 5 से 8 अप्रैल, 2018 तक अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर रहेगा। इस दौरान 15वें वित्‍त आयोग के अध्‍यक्ष एवं सदस्‍य राज्‍य के मुख्‍यमंत्री, उपमुख्‍यमंत्री और अन्‍य अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान राज्‍य सरकार की वित्‍तीय स्थिति पर विस्‍तृत प्रस्‍तुतियां दी जाएंगी। आयोग के अध्‍यक्ष एवं सदस्‍य विभिन्‍न राजनीतिक दलों के राजनेताओं, जनजातीय संगठनों के अध्‍यक्षों, महिला प्रतिनिधियों, वाणिज्‍य मंडलों के अध्‍यक्षों, कारोबारी हस्तियों, प्रगतिशील किसानों और अन्‍य हितधारकों के साथ भी बैठक करेंगे, ताकि इस राज्‍य में उपलब्‍ध अवसरों के साथ-साथ चुनौतियों को भी समझना संभव हो सके।

इस दौरान शहरी स्‍थानीय निकायों और पंचायती राज संस्‍थानों के साथ संवादात्‍मक सत्र भी आयोजित किया जाएगा। आयोग के अध्‍यक्ष एवं सदस्‍य राज्‍य के राज्‍यपाल ब्रिगेडियर (डॉ•) बी• डी• मिश्रा से भी भेंट करेंगे।

● अरुणाचल प्रदेश 15वें वित्‍त आयोग के दौरा कार्यक्रम में प्रथम राज्‍य है

राज्‍य सरकारों के साथ अपनी सलाह-मशविरा प्रक्रिया के तहत 15वां वित्‍त आयोग देश के इस सबसे पूर्वी राज्‍य के दौरे के साथ अपना यह कार्यक्रम शुरू करेगा।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2251