---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 15 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कोशिश से राज्य सरकार ने अपनी खुद की संस्था में फुटबाल का उत्पादन शुरू किया है। बंगाल की फुटबाल देश भर में तो जल्द ही लोकप्रिय हो गई थी, अब यह विदेश की ओर भी रुख कर रही है। बताया जा रहा है कि जल्द ही यह फुटबाल चीन के लिए रवाना होने वाली है।
सूत्रों ने बताया कि कोलकाता में चीनी दूतावास की ओर से मुख्यमंत्री की जयी (विजेता) फुटबाल को खरीदने के लिए आर्डर दिया गया है। हालांकि यह पता नहीं चला है कि फुटबाल को चीन में लेकर उसका क्या किया जाएगा। मालूम हो कि राज्य की फुटबाल पहले ही खासी लोकप्रिय हो गई है। स्पोर्टस अथारिटी आफ इंडिया (साई) ने भी इसे खरीदने में उत्साह दिखाया है। साई की मंजूरी के बाद त्रिपुरा, झारखंड, बिहार व ओडिसा के उनके केंद्रों में यह फुटबाल पहुंची है। बताया जाता है कि देश के सारे फुटबाल केंद्रों में बंगाल की फुटबाल भेजने का प्रयास शुरू हुआ है।
गौरतलब है कि राज्य के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग के तहत एक संस्था रिफ्यूजी हैंडक्राफ्ट है। बांग्लादेश से आने वाले शरणार्थियों को रोजगार देने के लिए इस विभाग की स्थापना की गई थी। लेकिन अब कुटीर उद्योग का विकास ही इस संस्था का मुख्य काम है। इस संस्था के चेयरमैन किसी समय के अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी मानस भट्टाचार्य हैं। इस कमेटी में खेल जगत से जुड़े दूसरे कई लोग शामिल हैं। इस विभाग की ओर से तारकेश्वर, चंदननगर समेत कई जगह फुटबाल का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फुटबाल का नामकरण किया और उन्होंंने फुटबाल को विश्व विजयी होने के लिए इसका नाम जयी रखा।
राज्य सरकार की ओर से लाखों रुपए की फुटबाल खरीदने के बजाए राज्य के क्लब, स्कूलों और दूसरी जगह राज्य की निर्मित फूटबाल पहुंचाने का लक्ष्य लेकर इसका उत्पादन शुरू किया गया था। लेकिन चीन से इसका आर्डर मिलने के बाद फुटबाल निर्माण से जुड़े लोग खासे उत्साहित हैं। उनका कहना है कि बंगाल की फुटबाल विदेश जाएगी, इस बारे में सोचा भी नहीं गया था। पहले चरण में चीन ने 800 फुटबालें खरीदने का सौदा किया है। इसमें से 240 पहले ही भेज दी गई हैं। वहां से प्रतिक्रया शानदार मिली है। इसके अलावा साई की ओर से देश के नौ सेंटर में फुटबाल खिलाड़ी बनाने के लिए फुटबाल खरीदी जा रही है।
मालूम हो कि अभी तक देश में पंजाब में निर्मित फुटबालें ही चलती हैं। बंगाल की ओर से प्राइवेट संस्थाओं को भी करीब 5000 फुटबाल बेची जा चुकी है। राज्य के खेल विभाग की ओर से अंडर 17 विश्वकप के लिए एक लाख 25 हजार 455 फुटबाल का आर्डर दिया गया था। फुटबाल की शानदार सफलता के बाद विभाग की ओर से अब बालीवाल का उत्पादन भी शुरू कर दिया गया है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=2369