शहीद कर्नल एम•एन• राय की मूर्ति का अनावरण



गाजीपुर। गत 14 अगस्त को गाजीपुर के डेढ़गावां स्थित इंटर कालेज के समीप शहीद कर्नल एम•एन• राय की मूर्ति का अनावरण केंद्रीय रेल राज्य व संचार मंत्री स्वतंत्र प्रभार मनोज सिन्हा ने किया। सैन्य अधिकारियों व मंत्री ने उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी । इस दौरान शहीद को सलामी भी दी गई। शहीद की पत्नी प्रियंका राय, पुत्र आदित्य, पुत्री ऋचा व माता दुलेश्वरी देवी सहित वहां उपस्थित लोगों की आँखें नम हो गईं। केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि यह शहीदों की धरती है। देश विरोधी ताकतों का मुंहतोड़ जबाब देने में हम पूरी तरह से सक्षम हैं। पड़ोसी देश हमारे धैर्य की परीक्षा न लें। उन्होंने कहा कि ताड़ीघाट - मऊ रेल खंड में गंगा नदी पर बनने वाले रेल सह रोड ब्रिज का नामकरण शहीद कर्नल एम•एन• राय के नाम पर होगा। शहीद कर्नल राय की वीरगाथा की चर्चा जितनी की जाए कम है। सरकार देश विरोधी ताकतों के हर मंसूबे को नाकामयाब करके रहेगी। सेना के जवानों की बदौलत ही आज हम चैन की नींद सो रहे हैं। इस मौके पर 39 जीटीसी वाराणसी के ब्रिगेडियर एस•ए• रहमान, सांसद भरत सिंह, विधायक अलका राय, सुनीता सिंह, शहीद कर्नल के भाई डीआईजी यतिंद्र नाथ राय, कर्नल डी•एन• राय, उपजिलाधिकारी एस•पी• मिश्र, ब्लाक प्रमुख मुकेश राय, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामनगीना राय, सूबेदार मेजर रमेश थापा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा• मधुसूदन शर्मा व संचालन डा• व्यासमुनी राय ने किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=246