---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 02 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से भले ही यह प्रचार किया जा रहा है कि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्हें पंचायत चुनाव के लिए नामांकन दाखिल नहीं करने दिया गया, लेकिन सच्चाई इसके विपरीत है। तृणमूल कांग्रेस ने दस साल पहले जितने उम्मीदवार खड़े किए थे, उससे ज्यादा उम्मीदवार भाजपा इस चुनाव में मैदान में उतार चुकी है। नाम वापस लेने के बाद राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी किए आंकड़ों से पता चलता है कि तृणमूल कांग्रेस के बाद भाजपा ने सबसे ज्यादा नामांकन दाखिल किए हैं। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद में भाजपा के उम्मीदवारों की संख्या वाममोर्चा और कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों से ज्यादा नहीं तो कम भी नहीं है। चार जिलों में तो लगभग 100 फीसद सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इसलिए बाहर भले ही दल की ओर से कुछ कहा जा रहा हो, लेकिन सूत्रों का कहना है कि दल की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को भेजी रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य के पांच जिलों में नतीजे अच्छे होंगे।
मालूम हो कि ग्राम पंचायत की 48650 सीटों के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से 51945, भाजपा की ओर से 235, वाममोर्चा की ओर से 16818, कांग्रेस की ओर से 5925 सीटों पर नामांकन किया गया है। पंचायत में कांग्रेस और वाममोर्चा से ज्यादा उम्मीदवार भाजपा के हैं।
इसी तरह, पंचायत समितिकी 9217 सीटों के लिए तृणमूल कांग्रेस की ओर से 10183 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। यहां कांग्रेस के 1439, वाममोर्चा के 4380 उम्मीदवार तो भाजपा के 5218 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला परिषद में भी इसी तरह 825 सीटों के लिए तृणमूल के 866, भाजपा के 629, वाममोर्चा के 552 कांग्रेस के 353 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
आंकड़ों से पता चलता है कि ग्राम पंचायत की सीटों की अगर बात की जाए, तब अलीपुरदुआर, दक्षिण दिनाजपुर, झारग्राम और पुरूलिया में 94 फीसद से लेकर 98 फीसद सीटों पर भाजपा उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पंचायत समिति के लिए अलीपुरदुआर, दक्षिण दिनाजपुर, झारग्राम और पुरुलिया में भाजपा उम्मीदवार 91 से लेकर 97 फीसद सीटों पर मुकाबला कर रहे हैं। अगर जिला परिषद की बात करें, तब चार जिलों की 100 फीसद सीटों पर भाजपा उम्मीदवार मौजूद हैं। अलीपुरदुआर की सभी 18, दक्षिण दिनाजपुर की सभी 18, झारग्राम की सभी 16 और पुरूलिया की सभी 38 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार चुनाव मैदान में मौजूद हैं।
इसलिए भाजपा की ओर से झारग्राम, नदिया, कूचबिहार, उत्तर चौबीस परगना और अलीपुरदुआर जिले में शानदार सफलता की उम्मीद जताते हुए केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी दी गई है। बताया जाता है कि दिल्ली के नेताओं ने सुझाव दिया है कि कांग्रेस-माकपा समेत सभी तृणमूल कांग्रेस विरोधियों से तालमेल बनाया जाए और तृणमूल कांग्रेस के नाराज और बागी कार्यकर्ताओं को अपने साथ लेकर चलें, जिससे सत्ताधारी दल को परास्त कियाजा सके।
वहीं हावड़ा सदर ज़िला के जगतबल्लवपुर ब्लॉक स्थित बड़गछिया के संध्या बाजार में पंचायत चुनाव के लिए आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिंह, अभिनेता एवं प्रदेश भाजपा नेता जय बनर्जी, भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश राय, ज़िला अध्यक्ष सुरजीत साहा उपस्थित हुए। आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए आह्वान करने आये भाजपा नेताओं ने जनता से संत्रास, सिंडिकेट, तोलाबाजी एवम भ्रष्टाचार के खिलाफ मतदान करने की अपील की और कहा कि केन्द्र सरकार की योजनाएं बंगाल में ग्रामीण जनता तक नही पहुँच पा रही है और जो पहुँच भी रही है तो उसे पाने के लिए आपको घुस देना पड़ता है। जनता से अपील करते हुए कहा गया कि अपने बच्चों, अपने गांव, अपने इलाके के उन्नयन के लिए आपको ही आगे आकर लड़ना होगा।
https://www.indiainside.org/post.php?id=2529