निर्दलीय उम्मीदवारों को भी दीदी पर ही भरोसा



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 04 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि राज्य की सारी सीटों पर मुझे उम्मीदवार मान कर ही मतदान करें। सत्ता में आने के बाद पंचायत चुनाव के प्रचार कार्य से दूर रहने वाली मुख्यमंत्री ने इस बार ऐसा कुछ नहीं कहा है। लेकिन इसके बाद भी सत्ताधारी दल के घोषित उम्मीदवारों की बात तो छोड़िए तृणमूल के बागी उम्मीदवार भी दीदी के भरोसे हैं। सभी अपने प्रचार में दीदी की तस्वीर लगाकर सच्चाई की प्रतीक ममता बनर्जी के लिए वोट मांग रहे हैं। कुछ लोगों ने तो फेसबुक पर भी ऐसे पोस्ट किए हैं। मतदान के पहले फेसबुक प्रोफाइल में ममता की तस्वीर लगाने के साथ ही कई लोगों ने अपनी तस्वीर की बजाए दीदी की तस्वीर लगा दी है। जबकि कई लोगों की ओर से ममता के साथ अपनी तस्वीर को सुपर इंपोज करके जोड़ने के बाद प्रोफाइल या कवर फोटो के तौर पर लगाकर लोगों को आकर्षित किया जा रहा है। कहा जा सकता है कि एक तरह से दीदी के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने की लोगों में होड़ लग गई है।

पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन दो नंबर ब्लाक के कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने फेसबुक में अपने प्रोफाइल फोटो में अपनी तस्वीर की बजाए मुख्यमंत्री की तस्वीर को लगाया है। ऐसे ही पंचायत समिति के एक बागी उम्मीदवार इफ्तेखार अली का कहना है कि दल के कुछ लोग भ्रष्टाचारी बन गए हैं, उनके खिलाफ सच्चाई की प्रतीक ममता के सिपाही के तौर पर हम चुनाव लड़ रहे हैं। इसलिए प्रोफाइल में उनकी तस्वीर लगाई है। कोशियाड़ी पंचायत समितिकी तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कल्पना शीट कई बार अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदल चुकी है। कभी अकेले ममता तो कभी ममता के साथ अपनी तस्वीर लगाने वाली उम्मीदवार का कहना है कि दीदी ने बंगाल के लोगों के लिए जो विकास किया है, वह हम लोगों ने घर-घर पहुंचा दिया है। इसलिए दीदी की तस्वीर लगाई है।

घाटाल के केजुरी पंचायत समिति के वरिष्ठ उम्मीदवार काशीनाथ मंडल की फेसबुक प्रोफाइल में भी ममता की तस्वीर है। उनके बेटे व तृणमूल कांग्रेस नेता सुमन मंडल का कहना है कि पिताजी को सोशल मीडिया के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है, हम लोगों ने ही मुख्यमंत्री की तस्वीर प्रोफाइल में लगाई है। उनका कहना है कि यह तो सच्चाई है कि तृणमूल कांग्रेस में दीदी को ही लोग सबसे ज्यादा मानते हैं।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजित माइति का कहना है कि पंचायत चुनाव के पहले सभी निर्दलीय उम्मीदवार लिफलेट बांट कर अपना नाम वापस ले लेंगे। लेकिन इसके बाद भी नाम वापस लेने के बजाए फोटो का व्यवहार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2551