महिला मण्डल करे मुनादी, मंदिर को मत तोड़ो मोदी जी.....



---हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी, 08 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● मन्दिर बचाओ आंदोलनम् के समर्थन में विभिन्न महिला संगठनों ने सूपा बजाकर किया विरोध प्रदर्शन

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में कारिडोर के बहाने शासन-प्रशासन के इशारे पर पौराणिक महत्व की मंदिरो को तोड़कर देव विग्रहों को नष्ट किये जाने के विरोध में मंदिर बचाओं आन्दोलनम् के दूसरे दिन मंगलवार को सायं शंकराचार्य घाट पर अखिल भारतीय आध्यात्मिक उत्थान मण्डल एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं की महिलाओं ने सूपा बजाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर श्री काशी विदुषी परिषद् की महामन्त्री सावित्री पाण्डेय ने कहा कि काशी गलियों का शहर है। इसकी पहचान गलियों और मन्दिरों से है। इसको विकृत कर काशी के स्वरूप को बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। यदि समय रहते सरकार द्वारा काशी में मंदिरों का ध्वस्तीकरण नहीं रोका गया तो सनातन धर्मी सड़कों पर उतरने का काम करेंगे।

रागिनी पाण्डेय ने कहा कि यदि सरकार विकास ही करना चाहती है तो बिजली, पानी, सड़क आदि का करें लेकिन मन्दिर को तोड़कर कौन सा विकास होता है।

डा• लता पाण्डेय ने कहा कि आज सूपा बजाकर हम सबने प्रतीकात्मक विरोध किया। सूपा बजाने का तात्पर्य यह है कि जिस प्रकार सूपा तोतली चीजों को बाहर कर सार सार को एक जगह पर इकट्ठा करता है उसी प्रकार काशी से बुराई बाहर जाए और अच्छी चीजें यहाँ सदा रहें। एक तात्पर्य यह है कि जिस प्रकार सूपा बजाकर दरिद्रता को भगाया जाता है उसी प्रकार हम विनाशक विकास को भगा रहे हैं। काशी का विकास पोषक हो।

महिला मण्डल करे मुनादी। 
मन्दिर को मत तोड़ो मोदी जी।।

आदि नारों के साथ माताओं ने सूपा बजाकर विरोध किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से साध्वी पूर्णाम्बा, साध्वी शारदाम्बा, उर्मिला शुक्ल, अजेया, प्रेमलता पाण्डेय, रूबी दुबे, पूनम शुक्ल, पूनम तिवारी, माधुरी पाण्डेय, ममता मिश्र, माला मिश्रा, ब्रह्मबाला शर्मा, नीतू सिंह, महालक्ष्मी शुक्ला, रितु पाण्डेय अलमेलु के एस, इन्दिरा मिश्रा, उषा देवी, अंजू यादव, वन्दना यादव आदि उपस्थित रहे। मंगलाचरण विजया तिवारी एवं  धन्यवाद ज्ञापन सुनीता जायसवाल ने दिया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2581