बंगाल में पंचायत चुनाव सोमवार 14 मई को



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 13 मई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

पश्चिम बंगाल के 23 जिलों और 330 ब्लाक में मतदान सोमवार 14 मई को होगा। मालूम हो कि लंबी कानूनी लड़ाई के बाद राज्य में कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जाएंगे। माना जा रहा है कि अगले साल होने आम चुनावों से पहले प्रमुख चुनाव होने की वजह से इनकी अहमियत काफी बढ़ गई है। मतगणना 17 मई को होगी। मतदान एक चरण में होगा या दो, तीन चरणों में यह मुद्दा काफी छाया रहा था।

विपक्ष की ओर से तृणमूल कांग्रेस पर नामांकन प्रक्रिया के दौरान हिंसा व आतंक फैलाने और विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोकने का आरोप लगाया गया। लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने यह कहते हुए इन तमाम आरोपों को खारिज कर दिया कि विपक्ष के पास कोई जनाधार नहीं है, उन्होंने 96000 सीटों पर उम्मीदवार खड़ा किए हैं। इससे ज्यादा उन्हें लोग ही नहीं मिले और राज्य को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। तृणमूल की ओर से आरोप लगाया गया कि संभावित पराजय के कारण विपक्ष चुनाव टालने के लिए अदालतों में चक्कर लगाता रहा।

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, 3,358 ग्राम पंचायतों की 48,650 में से 16,814 और 31 पंचायत समितियों की 9,217 में से 3,059 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना जा चुका है। इसी तरह जिला परिषदों की 825 में से 203 सीटों पर मुकाबला निर्विरोध रहा है।

चुनाव आयोग ने मतदान के लिए सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया है। इसके लिए असम, ओडीशा, सिक्किम और आंध्र प्रदेश से लगभग डेढ़ हजार सुरक्षाकर्मी यहां आए हैं। इसके अलावा राज्य पुलिस के 46 हजार, कोलकाता पुलिस के 12 हजार और विभिन्न विभागों के दो हजार जवानों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया जाएगा। सुरक्षा बलों ने रविवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में रूट मार्च किया। पंचायत चुनाव की खासियत तृणमूल कांग्रेस की ओर से बाम-राम प्रचार रहा, जहां भाजपा और माकपा की ओर किए गए गठजोड़ को मुद्दा बनाया गया। शनिवार को कई जगह भाजपा-माकपा समर्थन के दीवार लेखन पर कालिख पोत दी गई। लेकिन तृणमूल का कहना है कि ममता को पराजित करनेके लिए बाम-राम इकट्ठे हो गए हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2636