कार्यकर्ता सम्मेलन में सपाइयों को पढ़ाया अनुशासन का पाठ



संतोष यादव, सुलतानपुर, 06 सितम्बर। समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पधारे राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य व गाजीपुर के पूर्व सांसद जगदीश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन के पाठ पढ़ाये व साथ साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं को पढ़ने सीखने की आदत डालें जाने का भी आवाहन किया। उन्होंने कहा कि बड़े संघर्षों के बाद समाजवादी पार्टी इस मुकाम तक पहुंची है। अखिलेश यादव अपने पिता मुलायम सिंह यादव से सीख लेकर उनके नक्शे कदम पर चल रहे हैं उनकी नीतियां उनके संदेश कार्यकर्ता आम जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पहले भी सम्मेलन होते रहे है।इसका मकसद कार्यकर्ताओं के अंदर क्षमता विकसित कर उत्साह बढ़ाना है। सपा सभी धर्मो सभी वर्गों की पार्टी है। आज लोहिया के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है। इस देश को आजाद कराने में जाति धर्म संप्रदाय से ऊपर उठकर महापुरुषो ने संगठित होकर लड़ाइयां लड़ी, आज इतिहास के उन पन्नों को पढ़कर समाजवादी कार्यकर्ता संकल्प लें और संगठित होकर अन्याय अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करें। उन्होंने युवाओं का आवाहन किया कि अखिलेश यादव के विचारों को आमजन तक पहुँचाये। 2017 में हमारी गलतियों का फायदा उठाकर भाजपा सत्ता में आई, उन गलतियों को महसूस कर सुधार करने की जरूरत है। नेतृत्व किसी भी चुनाव में जिसे भी टिकट दे सारे मतभेद भुलाकर ईमानदारी पूर्वक उसका साथ दें और संगठित होकर जाति धर्म संप्रदाय से ऊपर उठकर संघर्ष करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी दलितों-पिछड़ों अल्पसंख्यकों व महिलाओं के साथ ही समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीखने की आदत डालने का भी आवाहन किया। कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नेतृत्व तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। इस मौके पर जिले के ढेर सारे पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रोफेसर राम सहाय यादव व संचालन महामंत्री मो• अहमद ने किया।

*दिवंगत सपा नेताओं को दी गई श्रद्धांजलि*

अंत में जिले के पुराने समाजवादी नेता पूर्व विधायक अशोक पांडेय व सपा व्यापार सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे प्रेम लाल सिंह व पूर्व सांसद राम सिंह की गत दिनों हुए असामयिक निधन पर 2 मिनट का मौन रख आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।

https://www.indiainside.org/post.php?id=283