बीएचयू : चिकित्सक ने मरीजों को दवा संग बांटी पर्यावरण संतुलन की दवाई



---हरेन्द्र शुक्ला, वाराणसी, 05 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● पर्यावरण दिवस पर अस्पताल में अपनी ओपीडी में मरीजों को पहली बार पौधा भेंटकर प्रो• वी• एन• मिश्र ने रचा इतिहास

काशी हिन्दू विश्वविद्यालय चिकित्सा विज्ञान संस्थान के न्यूरोलाजी विभाग में अस्पताल के इतिहास में पहली बार न्यूरोलाजिस्ट प्रो• विजयनाथ मिश्र ने मरीजों को दवा के साथ पौधा भेंटकर पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का संकल्प दिलाया। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंगलवार को प्रो• विजयनाथ मिश्र की ओपीडी में सर सुन्दरलाल अस्पताल के कमरा संख्या 209 में मालीयों ने पौधा रखना शुरु किया। यह देख इलाज को आये मरीज और उनके परिजन कौतूहल भरी नजरों से देखने के बाद आपस में खूसुर फुसूर करने लगे कि यह क्या हो रहा है! इसी बीच अपनी ओपीडी में प्रो• विजयनाथ मिश्र आये और मरीजों के नंबर के अनुसार पुकार के बाद, इलाज के लिए दवाई के पर्चे के साथ मरीजों को एक-एक फलदार वृक्ष की पौद्यों को भेंटकर रुखसत कर रहे थे। प्रोफेसर मिश्र की पर्यावरण के प्रति इस दीवानगी की चर्चा आज अस्पताल परिसर में होती रही।

इस बाबत प्रो• विजयनाथ मिश्र ने कहा कि अस्पताल में आर्थिक बदहाली झेल रहे पूर्वाचल के विभिन्न जनपदों से आने वाले मरीज ही सही मायने में पर्यावरण को संतुलित करने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करते है। शहरों में तो लोग अखबारों में ही वृक्षारोपण करके हरियाली की आस लगा बैठे हैं। ऐसे में हमारे गांवों के लोग वृक्षों के प्रति संतानों जैसा व्यवहार करते हैं तभी हमें आक्सीजन भी मिल पा रहा है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=2877