चीन में ममता के जोरदार स्वागत की तैयारियां



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 19 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

चीन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक सप्ताह-व्यापी दौरे के लिए पलक-पांवड़े बिछा कर उनका इंतजार कर रहा है। ममता 22 जून को चीन के दौरे पर जाएंगी। तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष का यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब ममता गैर-भाजपा दलों की नेता के तौर पर उभर रही हैं और चीन सरकार की महंगी बेल्ट व रोड पहल (बीआरआई) के प्रति केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के रुख में नरमी के कोई संकेत नहीं मिले हैं।

यहां सरकारी सूत्रों ने बताया कि इस दौरे पर ममता के साथ वित्त मंत्री अमित मित्र भी रहेंगे। यह दोनों नेता एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ चीन के दो सबसे बड़े शहरों बीजिंग और शंघाई का दौरा करेंगे। कोलकाता में चीन के कौंसुल जनरल मा झनवू ने कहा कि चीन में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक मेहमान के तौर पर जा रही हैं। उनके नेतृत्व में जाने वाले प्रतिनिधिमंडल के साथ कई बैठकें आयोजित की जाएंगी। कुछ अहम व्यापारिक बैठकें तीन दौर में आयोजित होंगी। वहां राजनीतिकों के अलावा शीर्ष कारोबारी और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उनसे मुलाकात करेंगे।

उन्होंने बताया कि ममता वहां विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ भी बातचीत करेंगी। ममता के करीबी एक नेता ने बताया कि मुख्यमंत्री को बीते दो वर्षों के दौरान पहले भी कई चीनी कंपनियों व प्रांतीय सरकारों की ओर से न्योता मिला था। लेकिन पहली बार विदेश मंत्रालय ने उनके इस दौरे को हरी झंडी दिखाई है। उस नेता ने कहा कि ममता के दौरे के दौरान बीआरआई पर अनौपचारिक चर्चा भी हो सकती है।

सूत्रों ने बताया कि इस दौरे के दौरान जितने सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे उनको विदेश मंत्रालय से मंजूरी लेनी होगी। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि मौजूदा परिस्थिति में ममता के इस दौरे की अहमियत काफी बढ़ गई है। वे शुरू से ही बंगाल में चीनी निवेश आकर्षित करने का प्रयास कर रही हैं। तमाम विदेश दौरों के बावजूद अब तक बंगाल में खास विदेशी निवेश नहीं हो सका है। ऐसे में ममता अपने इस दौरे में अधिक से अधिक चीनी निवेशकों को यहां लाने का प्रयास करेंगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3005