मौजूदा हालात में देश को बंगाली प्रधानमंत्री चाहिए : शुभेंदु अधिकारी



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 02 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राज्य के परिवहन मंत्री शुभेंदु अधिकारी का कहना है कि जुमला पार्टी भाजपा, पहले बंगाल से लोकसभा की दो सीटें तो संभाल कर रखो इसके बाद 22 सीटों के बारे में सोचना। मौजूदा देश के हालात में इस बार हम देश में बंगाली प्रधानमंत्री चाहते हैं। लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की हम 42 की सभी 42 सीटों पर जीत हासिल करेंगे। 2019 में इस राज्य में भाजपा फिनिश हो जाएगी।

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की रैली वाली जगह पर जवाबी रैली में शाह के 22 सीटें जीतने के जवाब में उन्होंने दो सीटें बचाने का चैलंज दिया। पुरूलिया की इस रैली में भाजपा से कहीं ज्यादा लोगों की भीड़ में राज्य के पांच मंत्रियों ने भाजपा नेताओं पर जमकर हल्ला बोला। श्री अधिकारी ने कहा कि तृणमूल को उखाड़ फेंकना इतना आसान नहीं है। जुल्मबाज, दंगाबाज सरकार पहले 2019 को संभाले, इसके बाद 2021 के बारे में सोचे।

शुभेंदु अधिकारी और नगर विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने पंचायत चुनाव में भाजपा पर आरोप लगाया कि झारखंड, बिहार के माओवादियों को लेकर पुरूलिया समेत दूसरे इलाकोें में उत्पात किया गया। हाकिम ने साफ तौर पर कहा कि भाजपा ने यहां जो जनसभा की थी, वह बंगाल की सभा नहीं थी। बिहार और झारखंड से लोगों को लाकर मैदान को भरा गया था। झारखंड के माओवादियों को यहां लाकर उन्होने चुनाव लड़ा था। भाजपा से मनमुताबिक रकम नहीं मिलने पर उनके कार्यकर्ताओं की माओवादी हत्या कर रहे हैं और दोष तृणमूल पर लगा रहे हैं।

शाह की जवाबी रैली में नारी व शिशु कल्याण विभाग की राज्य मंत्री शशि पांजा, पश्चिमांचल विकास राज्य मंत्री संध्या रानी टुडू, पश्चिमांचल विकास परिषद के पूर्व मंत्री सुकुमार हांसदा, करीमपुर की विधायक महुआ मैत्र समेत की धाकड़ नेता उपस्थित थे। तृणमूल नेताओं ने एलान किया कि जब हमारी नेत्री यहां रैली करने के लिए आएंगी, आज से 10 गुणा ज्यादा भीड़ होगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3140