पैसों के लिए मंत्री ने बेची जमीन



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 04 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

एक ओर जहां कुछ लोगों की संपति बीते चार सालों में 300 गुणा तक बढ़ गई है, वहीं ऐसे भी कुछ लोग हैं जिन्हें पैसों के लिए जमीन बेचनी पड़ती है। पश्चिम बंगाल में पूरूलिया जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष, पश्चिमांचल विका परिषद के मंत्री शांतिराम महतो ने पारिवारिक जरुरतों के लिए अपनी जमीन बेच दी है। पूरूलिया के रजिस्ट्री दफ्तर में जाकर उन्होंने सभी कागजात पर दस्तखत और हाथ के निशान देकर सरकारी नियम कायदों के मुताबिक जमीन बेची।

सूत्रों ने बताया कि मंत्री को पारिवारिक जरुरतों के लिए पैसों की जरुरत थी, इसलिए उन्होंने 21 नंबर वार्ड में अपनी दो कट्ठा जमीन शहर के रहने वाले नंदलाल गोप और बगला बाउरी के नाम कर दी। बताया जाता है कि जमीन की कीमत मंत्री को 5 लाख 94 हजार रुपए मिली है। पत्रकारों के पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि परिवार के लिए पैसों की जरुरत थी, इसलिए जमीन बेच दी।

सूत्रों से पता चला है कि मंत्री के पास कुल मिलाकर 10 कट्ठा जमीन है। इसमें से उन्होंने दो कट्ठा जमीन बेच दी है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3159