---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 05 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कोलकाता के एक प्लेस्कूल में पढ़ने वाले बच्चे के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। दो साल के बच्चे के अभिभावकों ने ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि उनके बेटे के साथ प्लेस्कूल में डाक्टर डे कार्यक्रम के दौरान संभवत: यौन उत्पीड़न हुआ है। सूत्रों ने बताया कि उक्त प्रोग्राम में छात्र, अध्यापक और स्कूल का स्टाफ शामिल थे जो डाक्टर और मरीज का किरदार निभा रहे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर और पॉक्सो ऐक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पीड़ित के 36 वर्षीय पिता ने अपनी शिकायत ने कहा है कि जब मेरी पत्नी सोमवार को बेटे को स्कूल से लेने गई, तो वह काफी चिड़चिड़ा रहा था और रो रहा था लेकिन कुछ बोल नहीं रहा था।
उन्होंने कहा कि अगले दिन जब पत्नी उसे नहाने के लिए ले गईं तो उन्होंने पाया कि बच्चे के मलाशय से रक्तस्राव हो रहा है और वहां सूजन भी थी। हम तुरंत उसे डाक्टर के पास ले गए जिन्होंने बच्चे के साथ यौन उत्पीड़न की आशंका जताई और स्कूल से प्रिंसिपल से मिलने की बात कही।
हालांकि जब बच्चे से घटना के बारे में पूछा तो वह सिर्फ इतना कह पाया कि स्कूल में डाक्टर उसकी बैक को छू रहे थे। अगली सुबह इस बारे में स्कूल प्रिंसिपल से घटना का जिक्र किया जिन्होंने इस तरह की घटना को मानने से साफ इंकार कर दिया। पिता ने कहा कि हमने उनसे सीसीटीवी फुटेज भी दिखाने को कहा लेकिन उन्होंने कहा कि कुछ वजहों से 27 जून से 3 जुलाई तक की फुटेज उपलब्ध नहीं है।
इसके बाद बच्चे के पिता ने दोबारा डाक्टर से सलाह करके बच्चे की मेडिकल जांच कराई जिसमें बच्चे के पेरिऐनल हिस्से में हल्की सूजन और खिंचाव की बात सामने आई। डाक्टर ने अभिभावकों को चाइल्ड ऐब्यूज का केस दर्ज कराने की सलाह दी। बच्चे के अभिभावकों का कहना है कि हम इस तरह के घिनौने अपराध के दोषियों के खिलाफ पुलिस की त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। दोषी को कानून के मुताबिक कड़ी सजा मिले।
https://www.indiainside.org/post.php?id=3171