अतीत को भुला कर फिर मॉडलिंग की दुनिया में लौटी हसीन जहां



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 08 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने अपने कड़वे अतीत व पति को भुला कर एक बार फिर मॉडलिंग की दुनिया में लौट आई है। वह अब फिल्मों में भी काम करना चाहती है। इसके लिए वह जल्दी ही कोलकाता छोड़ कर मुंबई शिफ्ट करने की योजना बना रही है। लगभग चार महीने पहले अपने क्रेकिटर पति व उनके परिजनों के खिलाफ मार-पीट, बलात्कार और विवाहेत्तर संबंधों की शिकायत से सुर्खियां बटोरने वाली जहां कहती है कि अब शमी में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। अब वह बेटी के पालन-पोषण लिए अपना करियर बनाना चाहती है।

हसीन जहां पहले भी मॉडलिंग और चीयर लीडर के तौर पर काम कर चुकी है। वर्ष 2014 में शमी से शादी के बाद उसने मॉडलिंग से तौबा कर लिया था। उसका दावा है कि शमी को मॉडलिग वगैरह पसंद नहीं था। इसलिए उन्होंने शमी की खातिर अपना करियर व सपने कुर्बान कर दिए। लेकिन अब वह एक बार फिर अपने करियर पर ध्यान दे रही है। जहां मानती है कि इस दौरान कई नए चेहरों के आने से प्रतिद्वंद्विता बढ़ी है। लेकिन वह अपने काम पर कड़ी मेहनत कर रही हैं।

उन्होंने दोबारा माडलिंग शुरू करने के लिए अपने कई दोस्तों की सहायता ली। इसके लिए जहां ने अपना वजन भी लगभग 15 किलो घटा लिया है। फिलहाल वह जादवपुर इलाके के अपने फ्लैट में ही रहती है। लेकिन जल्दी ही उसकी योजना मुंबई शिफ्ट होने की है। फिलहाल वह कोलकाता व मुंबई के बीच दौड़ लगाती रहती है। इस दौरान उन्होंने कई लघु फिल्मों में भी काम किया है। जहां कहती है कि वह अपने कड़वे अतीत को भुला कर जीवन में आगे बढ़ने के प्रति कृतसंकल्प है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3201