जितेन्द्र मिश्रा, मुम्बई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सनसनीखेज खुलासा किया और कहा है कि दाऊद भारत लौटना चाहता है जिसे आगामी 2019 की लोकसभा चुनाव से पहले भारत लाकर केंद्र की भाजपा सरकार वापस सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में अपनी आखिरी सांसें गिन रहा है। फिलहाल वह केंद्र सरकार के साथ समझौता कर रहा है। राज ठाकरे ने ये बातें अपने फेसबुक पेज के लॉन्चिंग कार्यक्रम में कही। राज ने कहा कि दाऊद बहुत बीमार है और शारीरिक रूप से कमजोर भी हो गया है। वह भारत वापस आना चाहता है। इसके लिए वह केंद्र से बातचीत कर रहा है। अपनी शारीरिक अक्षमता के कारण वह अपने आखिर दिन भारत में बिताना आना चाहता है। राज ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी, दाऊद को वापस भारत ला कर डंका पीटना चाहते हैं। मुंबई बम विस्फोट हुए इतने वर्ष हो गए कांग्रेस जो नहीं कर पायी वह हमने कर दिखाया। दाऊद को पीएम ने पकड़ लाया ऐसा दावा कर बीजेपी श्रेय लेगी और चुनाव में उसका फायदा नरेंद्र मोदी को होगा। उन्होंने इस दौरान मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का भी विरोध किया। मनसे अध्यक्ष ने कहा कि यह पैसे की बर्बादी है। बुलेट ट्रेन से महाराष्ट्र को कोई फायदा नहीं होगा। गौरतलब है कि 1993 मुंबई बम धमाकों समेत कई मामलों में दाऊद वांछित है। भारत सरकार ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है। कुछ दिन पूर्व ही ठाणे क्राइम ब्रांच ने दाऊद के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=325