ममता सरकार पर मोदी ने बोला जोरदार हल्ला



---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता/मेदिनीपुर, 16 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर करार हमला करते हुए उस पर लोकतंत्र का गला घोंटने और सिंडीकेट संस्कृति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर में भाजपा की ओर से आयोजित किसान कल्याण रैली को चुनावी रैली में बदलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में सिंडीकेट की अनुमति के बिना कोई काम नहीं हो सकता। यहां पूजा करना भी मुश्किल हो गया है।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत बांग्ला में की। उन्होंने कहा कि बंधुगण आमार खूब भालो लागछे (मित्रों, मुझे बहुत अच्छा लग रहा है)। उसके बाद उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्होंने फीफा फुटबाल विश्वकप का फाइनल देखा या नहीं। केमन लागलो (आपको कैसा लगा) ?

मोदी ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आपकी सरकार है। यह किसानों की सरकार है। सरकार बेहतर बीज से लेकर विपणन तक किसानों के लिए काम कर रही है। उत्पादों को बचाने के लिए गोदाम होना जरूरी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसान आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार किसानों के लिए आधारभूत ढांचा तैयार करने की दिशा में जरूरी कदम उठाएगी।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार की जमकर खिंचाई करते हुए उस पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया। उन्होंने तृणमूल के शासनकाल को डर का शासन करार दिया। मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार डर के शासन पर भरोसा करती है। लोकतंत्र में उसका कोई भरोसा नहीं है और वह चुनावी प्रक्रिया में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को सत्ता के प्रति अपनी भूख का खामियाजा भुगतना होगा। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट बंगाल के पंचायत चुनावों के बारे में खोज-खबर ले रहे हैं और जल्दी ही बंगाल के लोग तृणमूल को इसका माकूल जवाब देंगे।

मोदी ने कहा कि ममता बनर्जी की अगुवाई वाली सरकार की तुष्टिकरण की नीति के चलते राज्य में दुर्गा पूजा भी खतरे में है। तृणमूल कांग्रेस ने किसानों के हित में कोई काम नहीं किया है। राज्य में न तो गरीबों का विकास हुआ है और न ही युवाओं को रोजगार मिला है। मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मां, माटी और मानुष की बात करने वाले का असली चेहरा सामने आ गया है। राज्य में वोट बैंक की राजनीति करने, सत्ता में बने रहने और राजनीतिक विरोधियों की हत्या करने के लिए सिंडीकेट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर यह सरकार नारेबाजी और सिंडीकेट के अलावा कर क्या रही है ? मोदी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र से मिली रकम को भी ठीक से नहीं खर्च कर रही है। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि केंद्रीय रकम आप तक पहुंच रही है या फिर सिंडीकेट की जेब में जा रहा है!

अपनी रैली से पहले मेदिनीपुर इलाके समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगे ममता बनर्जी के पोस्टरों व बैनरों का मखौल उड़ाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने पूरे राज्य में अपने पोस्टरों व बैनरों के जरिए जिस तरह हाथ जोड़ कर मेरा स्वागत किया है उससे वे अभिभूत हैं और उनको धन्यवाद देते हैं। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के हित इतना बेहतर काम किया है कि तृणमूल कांग्रेस भी हाथ जोड़ कर उनका अभिनंदन कर रही है।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि केंद्र में पहले की सरकारों ने किसानों के मुद्दे पर तमाम आयोगों की सिफारिशों पर कोई ध्यान नहीं दिया। एनडीए सरकार ने ही सत्ता में आने के बाद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर काम किया ताकि किसानों को उनके उत्पाद की सही कीमत मिल सके। उन्होंने कहा कि किसान हमें भोजन मुहैया कराता है। गांव हमारे देश की आत्मा हैै। प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों की उपेक्षा कर कोई समाज प्रगति नहीं कर सकता। इसी तरह गांवों का विकास नहीं होने तक कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता।

प्रधानमंत्री ने मौजूदा दौर की तुलना स्वाधीनता आंदोलन के दौर से करते हुए कहा कि जिस तरह उस समय आजादी का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ते हुए देश को आजाद कराया गया था उसी तरह केंद्र सरकार अब नए भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3281