संतोष यादव,सुलतानपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अन्तर्गत जनपद स्तरीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी के दूसरे दिन पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामयज्ञ मिश्र की अध्यक्षता में पंच सम्मेलन का आयोजन सम्पन्न हुआ। मुख्य विकास अधिकारी ने पंच सम्मेलन में ग्राम प्रधानों का आवाहन् करते हुए कहा कि हमें 02 अक्टूबर 2018 से पूर्व जिले को खुले में शौच से मुक्त कराना है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला स्तरीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी में सूचना विभाग द्वारा आयोजित सबका साथ सबका विकास से सम्बन्धित पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व व कृतित्व एवं वर्तमान सरकार की 100 दिन की उपलब्धियों से सम्बन्धित चित्र प्रदर्शनी सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, वन, उद्यान, समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांग कल्याण, पशुपालन, बाल विकास, बेसिक शिक्षा, लघु सिचाई, गन्ना, श्रम विभाग, कृषि, कृषिरक्षा, मत्स्य पालन, खादी एवं ग्रामोद्योग, भूमि संरक्षण आदि विभागों के प्रदर्शनी स्टालों का अवलोकन किया तथा विभागों द्वारा जन सामान्य को दी जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी ने पंच सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए ग्राम प्रधानों का आवाहन् किया कि वे ग्रामों में संचालित विकास योजनाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करें एवं बिना भेदभाव के पात्रों को लाभ दिलायें। उन्होंने कहा कि प्रधान गांव के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान भाई अपने ग्राम के समग्र विकास हेतु योजनायें तैयार करें तथा अपने गांव का बहुमुखी विकास करें। उन्होंने स्वच्छता कार्यक्रम पर बल देते हुए कहा कि स्वच्छता से बीमारियां नहीं होगी और व्यक्ति का शरीर स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान भाई अपने ग्राम के लोगों को प्रेरित कर सभी के घरों में शौचालय का निर्माण करायें तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी करायें। उन्होंने कहा कि हमारा गांव व प्रदेश खुले में शौच से मुक्त होकर स्वच्छ व सुन्दर भारत के निर्माण में अपना योगदान देगा। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों तथा उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों तथा जन समुदाय को स्वच्छता की शपथ दिलायी।
प्रारम्भ में मुख्य विकास अधिकारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर मार्ल्यापण किया तथा दीप प्रज्जवलित कर पंच सम्मेलन का शुभारम्भ किया। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि पंडित जी के आदर्श हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। हम पंडित जी के आदर्शों पर चलकर अपने देश को एक मजबूत राष्ट्र बना सकते हैं।
पंच सम्मेलन सम्बोधित करते हुए जिला विकास अधिकारी/ओ•डी•एफ• प्रभारी डा• डी•आर• विश्वकर्मा ने ग्राम प्रधानों को अपने गांव को खुले में शौच से मुक्त कराने का आवाहन् किया । उन्होंने बताया कि आगामी एक अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक जिले में ग्राम समृद्धि एवं स्वच्छता पखवारा मनाया जायेगा। पंच सम्मेलन को परियोजना निदेशक/प्रभारी डी•पी•आर•ओ• एस•के• द्विवेदी ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने बताया कि जिले के 122 ग्राम ओ•डी•एफ• घोषित हो चुके हैं तथा 110 ग्रामों को ओ•डी•एफ• घोषित करने की तैयारी चल रही है। इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के जिला समन्वयक अभिषेक सिंह ने वीडियो प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को स्वच्छता पर आधारित बेमिसाल बिजनौर फिल्म के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर सूचना विभाग विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल पूर्वांचल लोकगीत कलाकेन्द्र, मंशाराम जादूगर पार्टी, अशोक त्रिपाठी नटवरी संस्थान एवं इशू पब्लिक स्कूल विनोवापुरी के बच्चों द्वारा मनोहारी एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विकास खण्ड लम्भुआ के खण्ड प्रेरक विवेक पाण्डेय तथा पी•पी• कमैचा के वीरेन्द्र पाण्डेय ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित प्रचार साहित्व व कलेण्डर का निःशुल्क वितरण जनसामान्य में किया गया।
पंच सम्मेलन में उपजिलाधिकारी बल्दीराय रमेश कुमार शुक्ला, डी•एस•ओ• संजय कुमार प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा• अजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा सिंह, खण्ड विकास अधिकारी बल्दीराय शशि देवी व सूचना विभाग के संरक्षक सुरेश कुमार, लेखाकार कृपा शंकर मौर्य, प्रचार सहायक सुशील कुमार व सम्बन्धित उपस्थित थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=335