कोलकाता के सीआर एवेन्यू में लीगल ऐड क्लिनिक



कोलकाता, 03 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

शारीरिक इलाज के लिए शहर में मेडिकल क्लीनिक की कमी नहीं है, पर किसी को कानूनी समस्या हो तो...? जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डिस्ट्रिक्ट लिगल सर्विसेज अथॉरिटी) इस दिक्कत को दूर करने के लिए मेडिकल क्लिनिक की तरह ही लीगल क्लिनिक की सेवा दे रही है। कानूनी समस्याओं से ग्रस्त लोगों को अब लीगल ऐड क्लिनिक के माध्यम से वैधानिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और वह भी निःशुल्क। ये निशुल्क सेवा जरुरतमंद, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर, मजदूर, बच्चे और महिलाओ के लिए होगा।

इसी क्रम में कोलकाता के 135ए सीआर एवेन्यू (प्रभात सिनेमा के समीप) लीगल क्लिनिक का शुभारम्भ हुआ है जो सोमवार से वृहस्पतिवार, अपराह्न 2 बजे से 5 बजे तक सेवा दिया करेगा। कोई भी अपनी कानूनी समस्याओं के हल के लिए यहाँ संपर्क कर सकता है। कानूनी सलाह के साथ ही सहायता भी उपलब्ध होगी।

बता दें कि इसका उद्घाटन न्यायधीश उत्तम भट्टाचार्या ने किया जो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोलकाता के सचिव हैं। इस मौके पर पूर्व जिला न्यायालय न्यायधीश श्याल सेन गुप्ता भी उपस्थित रहे।

एनजीओ संकल्प टूडे लीगल अवेयरनेस मिशन के सचिव इम्तेयाज भारतीय के प्रयास से ही मछुवा फल पट्टी के मजदूर व कानूनी जानकार अभाव वाले ग्रस्त इलाके में इस लीगल ऐड क्लिनिक को रूप दिया गया जिसके लिए जगह उपलब्ध समसाद आलम ने कराई। इस मौके पर इम्तेयाज भारतीय ने कहा कि बहुत ही जल्द कोलकाता के न्यू मार्केट के सफाई कर्मी इलाके वाली बस्ती में एक और लीगल ऐड क्लिनिक खुलवाने के लिए संस्था प्रयासरत है।

वहीं संस्था के अध्यक्ष डॉ• सी• पी• वर्मा ने कहा कि बहुत ही जल्द हम ऑल इण्डिया हाजी फाउंडेशन के साथ हाथ मिलाकर जिले के दुरग्रस्त इलाके में इस तरह के कार्यक्रमों पर कदम बढ़ाएंगे।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में मो• वकील का सराहनीय योगदान रहा।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3452