नई दिल्ली/इंफाल 13 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
मणिपुर की राज्यपाल डॉ• नजमा ए• हेपतुल्ला 14 अगस्त 2018 को इंफाल में पर्यटन मंत्रालय की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत “पूर्वोत्तर सर्किट विकासः इंफाल और खोंगजोंग” परियोजना का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन• बीरेन सिंह, पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के• जे• अल्फोंस और केन्द्रीय पर्यटन सचिव रश्मि वर्मा उपस्थित रहेंगी। यह स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत उद्घाटन की जाने वाली पहली परियोजना है।
स्वदेश दर्शन योजना 2014-15 में लांच की गई थी और अब तक मंत्रालय ने योजना के अंतर्गत 29 राज्यों तथा केन्द्रशासित प्रदेशों को 5708.88 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उद्घाटन की जाने वाली परियोजना 72.30 करोड़ रुपये की है और पर्यटन मंत्रालय ने सितंबर, 2015 में इसकी स्वीकृति दी थी। परियोजना में दो स्थल- कांगला फोर्ट तथा खोंगजोंग को कवर किया गया है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र में पर्यटन के विकास पर पर्यटन मंत्रालय फोकस कर रहा है। इस क्षेत्र में पर्यटन विकास और प्रोत्साहन के लिए मंत्रालय अनेक गतिविधियां चला रहा है। स्वदेश दर्शन तथा प्रसाद योजनाओं के अंतर्गत पर्यटन संरचना विकसित की जा रही है। मंत्रालय की दोनों योजनाओं को मिलाकर 15 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जो सभी पूर्वोत्तर राज्यों को कवर करती हैं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=3542