---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 19 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
अपने विवादास्पद बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले आसनसोल के भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने एक बार फिर अपनी एक टिप्पणी से विवाद खड़ा कर दिया है। यह घटना उनके संसदीय क्षेत्र आसनसोल में आयोजित मंगलवार को एक कार्यक्रम के दौरान हुई। विडंबना यह है कि दिब्यांगों के लिए आसनसोल के नजरूल मंच में आयोजित उक्त कार्यक्रम में व्हीलचेयर और दूसरी चीजें बांटी जानी थी। यह आयोजन भाजपा की सामाजिक अधिकारिता शिविर का हिस्सा था।
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति के बार-बार इधर-से उधर जाने से नाराज बाबुल ने कहा कि मैं तुम्हारी टांग तोड़ कर लाठी थमा सकता हूं। यही नहीं, उन्होंने उस व्यकित को एक जगह खड़ा कर अपने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि अगर वह अपनी जगह से हिला तो उसकी टांग तोड़ देना। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और इस टिप्पणी के लिए काफी आलोचना होने के बावजूद केंद्रीय मंत्री या उनकी पार्टी ने अब तक इस पर कोई सफाई नहीं दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाबुल ने इधर से उधर जा रहे एक व्यक्ति से पूछा कि तुम इतना चल क्यों रहे हो? कृपया बैठ जाओ। उसके बाद अपनी नाराजगी में उन्होंने सवाल किया कि क्या हो गया भाई साहब, आपको क्या हुआ है? क्या कोई तकलीफ है? मैं आपका एक पांव तोड़ कर लाठी थमा सकता हूं। इसके बाद भी केंद्रीय मंत्री का गुस्सा जब शांत नहीं हुआ तो उन्होंने उस व्यक्ति को बुला कर मंच के नीचे एक जगह खड़ा कर दिया और अपने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि अगर वह अपनी जगह से जरा भी हिले तो उसके पांव तोड़ कर उसे एक लाठी थमा देना। उसके बाद मंत्री ने वहां मौजूद लोगों से तालियां बजाने को भी कहा।
इससे पहले रामनवमी के दौरान आसनसोल व आसपास के इलाकों में हुई हिंसा के बाद बाबुल ने जब मौके का दौरा किया तो उनको लोगों की भारी नाराजगी का सामना करना पड़ा था। उस समय उन्होंने विरोध प्रदर्शन करने वालों की चमड़ी उतरवा लेने की धमकी दी थी।
https://www.indiainside.org/post.php?id=3846