बनारस में ईको-पार्क बनवाएगी एनसीएल



वाराणसी, 26 सितम्बर 2018, इंडिया इनसाइड।

◆ मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के समीप बनेगा ईको-पार्क, एनसीएल का रेलवे के साथ करार

हाल ही में बनारस के 13 शहरीकृत ग्राम पंचायतों में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (अपशिष्ट प्रबंधन) के लिए जिला प्रशासन के साथ करार चुकी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने स्वच्छता की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया है। भारत सरकार की इस मिनी रत्न कंपनी ने अब बनारस के मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के समीप एक बड़ा ईको-पार्क बनाए जाने हेतु रेलवे के साथ एक सहमति-पत्र (एमओयू) पर दस्तखत किया है। एनसीएल द्वारा दी जाने वाली लगभग 2 करोड़ रुपये की राशि से रेलवे न सिर्फ ईको-पार्क बनाएगी, बल्कि पार्क स्थल पर एक बड़े जलाशय को भी संरक्षित करेगी।

एनसीएल द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व के तहत कराए जाने वाले इन कार्यों के लिए मंगलवार को एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) आत्मेश्वर पाठक एवं नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के सीनियर डिविजनल इंजीनियर अजय वार्ष्णेय ने बनारस में सहमति-पत्र (एमओयू) पर दस्तखत किए।

एनसीएल द्वारा बनवाए जाने वाले इस ईको-पार्क से न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी, बल्कि यह स्थानीय लोगों एवं सैलानियों के लिए सैर-सपाटे का एक बड़ा स्थल बनेगा। मडुंआडीह स्टेशन से सटे होने की वजह से गाड़ियों का इंतजार कर रहे यात्री भी यहां समय बीता सकेंगे।

लगभग 24,500 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित किए जाने वाले ईको-पार्क एवं जलाशय में लगभग 6,500 वर्ग मीटर में क्षेत्र में जलाशय होगा और शेष हिस्से में ईको-पार्क डेवलप किया जाएगा। चारों तरफ से बाउंड्री वाल से घिरे इस पार्क क्षेत्र में सैलानियों की आवाजाही के लिए लगभग 3,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में सड़कें बनी होंगी।

यह पार्क क्षेत्र लगभग 2 वर्षों में बनकर तैयार होगा। इसकी कुल लागत लगभग 2 करोड़ रुपये एनसीएल द्वारा एमओयू के दो हफ्ते के भीतर रेलवे को उपलब्ध करा दी जाएगी और कार्य पूरा होने पर रेलवे इस फंड का यूटिलाइजेश सर्टिफिकेट एनसीएल को देगी।

https://www.indiainside.org/post.php?id=3898