लिफ्ट देने के बहाने महिला से किया गैंगरेप



खीरों/रायबरेली, 22 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रदेश सरकार लगातार महिलाओं की सुरक्षा का ढिंढोरा पीटती है लेकिन हकीकत इसके इतर है। ताजा मामला खीरों थाना क्षेत्र का है जहां बीती रात बुलेरो सवार दो लोगों ने एक महिला को लिफ्ट देकर उनके साथ गैंगरेप किया और उसके चीखने पर उसे राजीव नगर के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। खीरो थाने पहुंची पीड़िता ने मामले की तहरीर थाने में दे दी। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सरेनी की रहने वाली एक महिला कल लालगंज आई थी। वहां से सेमरी हनुमान मंदिर जाने के लिए साधन का इंतजार करने लगी। एक सफेद बुलेरो में कुछ सवारियों को देख बैठ गई।सवारियां तो रास्ते मे उतर गई और आगे जाने पर गाड़ी के चालक व उसके साथी ने महिला के साथ गैंगरेप कर डाला। उसके शोर मचाने पर उसे खीरो थाना क्षेत्र में राजीव नगर के पास सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सेमरी चौकी इंचार्ज महिला को लेकर थाने पहुंचे और महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

पीड़िता ने बताया कि मैं सवारी का इंतजार कर रही थी। इसी बीच एक गाड़ी में कुछ महिलाओं को देख उसमे बैठ गई। रास्ते मे सभी लोग उतर गए। आगे जाने पर चालक व उसके साथ मौजूद एक आदमी ने मेरे साथ गलत काम किया और मेरे चिल्लाने पर मुझे सड़क किनारे फेंक दिया। मैंने पुलिस बुलाई और थाने आ गई।

मामले पर जब पुलिस के आलाधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कैमरे पर बोलने से मना कर दिया लेकिन मुकदमा दर्ज कर जांच करने की बात कही।

https://www.indiainside.org/post.php?id=4094