सड़क के किनारे बैठ कर नौटंकी देख रहे युवक को गोली मारी



डलमऊ-रायबरेली, 23 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर धरावा गांव में सोमवार को देर रात नौटंकी देख रहे युवक को गांव के ही तीन युवकों द्वारा आपस में हुई कहासुनी के बीच गोली मार देने से गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे परिजनों द्वारा आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बहन की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर धवा गांव निवासी माया देवी ने डलमऊ कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि गांव में सोमवार को गांव के ही शोभा लाल के पुत्र के मुंडन के अवसर पर आयोजित की गई नौटंकी कार्यक्रम को देखने के लिए वासुदेव नौटंकी देखने गया था और वहीं सड़क के किनारे बैठ कर नौटंकी देख रहा था कि तभी गांव के सानू सिंह और सत्यम सिंह के साथ बासी परान ग्राम निवासी दीपू सिंह नौटंकी देखने आए और मेरे भाई से सड़क किनारे बैठने को लेकर कहासुनी होने लगी इतने में सानू सिंह ने अवैध तमंचा निकालकर मेरे भाई को गोली मार दिया जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया और तड़पने लगा। सूचना पर परिजनों द्वारा घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।

कोतवाली प्रभारी लक्ष्मी कांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है और 3 लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी विनीत सिंह द्वारा गांव में उत्पन्न तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=4105