निहस्था-रायबरेली, 23 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
रायबरेली के निहस्था स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में यूँ तो लोग इलाज की आस में आते हैं, मगर यहाँ के हालात ऐसे हैं कि जिनको देखकर लगता है कि इस अस्पताल को खुद इलाज की जरूरत है।
निहस्था आयुर्वेदिक अस्पताल में न तो मरीजों के बैठने की व्यवस्था है, न दवाइयों का उचित रख रखाव है। दवाइयों पर इतनी धूल जमी है कि ऐसा लगता है कि अरसे से सफाई तक नहीं की है। जहाँ मरीजों के बैठने की व्यवस्था है वहाँ गाड़िया खड़ी होती है। कोई भी डाक्टर अस्पताल में नहीं है सिर्फ एक वार्ड बॉय रहता है। रजिस्टर दिखाए जाने की बात पर रजिस्टर नहीं दिखाया गया। वैसे तो तीन लोगों का स्टाफ यहाँ है लेकिन कोई भी यहाँ नहीं मिलता है। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने की सरकारी मंशा पर पूरी तरह से ऐसे अस्पताल और कर्मचारी पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि आलाधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी इस आयुर्वेदिक अस्पताल के हालात जस के तस हैं। अब तो लोग यहां आने से ही कतराते हैं।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4360