26 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारतीय नौसेना अकादमी में आज पासिंग आउट परेड आयोजित किया गया। यह परेड तंजानिया के एक अंतर्राष्ट्रीय कैडेट सहित भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक के 317 मिडशिपमैनों और कैडेटों के प्रशिक्षण की समाप्ति का प्रतीक है।
उत्तीर्णता पाने वाले मिडशिपमैन और कैडेट वसंत काल 2018 के चार विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित हैं, जैसे – 95 भारतीय नौसेना अकादमी पाठ्यक्रम (बी.टेक), 95 भारतीय नौसेना अकादमी पाठ्यक्रम (एम.एससी), 26 नौसेना समन्वय पाठ्यक्रम (विस्तारित) और 27 नौसेना समन्वय पाठयक्रम (नियमित)। इस परेड में 16 महिला कैडेट भी शामिल थीं, जो भारतीय नौसेना के रैंक में शामिल होने के लिए अपने पुरुष समकक्षों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मार्च कर रही थीं।
वाइस एडमिरल अनिल कुमार चावला, एवीएसएम, एनएम, वीएसएम, दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमान प्रमुख ने इस शानदार परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने 9 मेधावी मिडशिपमैनों और कैडेटों को मैडल से पुरस्कृत किया। अपने संबोधन में उन्होंने पाठ्यक्रमों को उत्तीर्ण करने वाले को बधाई दी तथा उन्हें भारतीय नौसेना के मुख्य मूल्यों “कर्तव्य, सम्मान और साहस” को आत्मसात करने की सलाह दी। इस अवसर पर आईआईटी गांधीनगर के निदेशक डॉ• सुधीर के• जैन, वाइस एडमिरल आर• बी• पंडित, एवीएसएम, कमांडेंट, भारतीय नौसेना, स्थानीय वरिष्ठ अधिकारी और बाहर से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4377