आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की पुण्यतिथि पर कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह



दौलतपुर-रायबरेली, 21 दिसम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● आचार्यवर की धरती तीर्थ के समान, जल्द ही दौलतपुर क्षेत्र बनेगा साहित्यिक कारीडोर : किशोरीलाल शर्मा

आज हिन्दी के युग प्रवर्तक साहित्यकार आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी जी की पुण्यतिथि पर दौलतपुर में एक कवि सम्मेलन व सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकम के मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि किशोरीलाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार व सोशल एक्टिविस्ट सिद्धार्थ त्रिवेदी और सरेनी विधायक प्रतिनिधि रवि सिंह मौजूद रहे।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किशोरीलाल शर्मा ने कहा कि यद्यपि वह आचार्यवर की भूमि पर आते रहते हैं, पर उनकी पुण्यतिथि पर इस पुण्य भूमि में आने का गौरव मिला इसलिए वह आयोजक मण्डल व सभी क्षेत्रवासियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। आचार्यवर की भूमि तीर्थ के समान है। सोनिया जी ने यहां पर आचार्यवर की भूमि को पहचान देने का यथासम्भव प्रयास किया है, मगर इतना काफी नहीं है, हमारी मंशा आने वाले समय में इस क्षेत्र को साहित्यिक कारीडोर के रूप में विकसित करने की है, जो हम आप सबके आशीर्वाद व राय से पूरा करने में अवश्य सफल होंगे।

सिद्धार्थ त्रिवेदी ने कहा कि आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी ने हिन्दी भाषा को परिमार्जित करने का जो प्रयास किया वह हिंदी साहित्य में द्विवेदी युग के नाम से प्रसिद्ध है।

कार्यक्रम के आयोजक अनुज शुक्ला व सुनील सरगम ने मुख्य अतिथि किशोरी लाल शर्मा का फूल माला और शॉल पहनाते हुए अपनी कमेटी के साथ स्वागत व अभिनन्दन किया। इस अवसर पर किशोरीलाल शर्मा ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण का भरोसा भी दिया। कुछ प्रस्तुत मांगपत्रों पर मौके पर ही अपनी सहमति प्रदान की। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला, महामंत्री निर्मल शुक्ला, ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजक मंडल में बैसवारा साधना समिति के अध्यक्ष सुनील सरगम, प्रबंधक अनुज शुक्ला, संरक्षक संजय सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी शिवम सिंह युवा ब्लॉक अध्यक्ष इंटक (किसान मजदूर कांग्रेस ), पीयूष सिंह, आशु सिंह, मुनीम सिंह, आर के सिंह, समाजसेवी प्रभात त्रिपाठी, अंकुर सिंह, जयसिंह त्रिलोकचंदी, नीरज मिश्रा, शोभित वाजपई, विवेक पाण्डेय आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

गौरतलब है कि अनुज शुक्ला नियमित अंतराल पर क्षेत्र में साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं और समाज में साहित्यिक व सामाजिक चेतना जगाने का कार्य करते रहते हैं। इसी कड़ी में आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी की पुण्यतिथि कार्यक्रम भी है जो विगत कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है।

सम्मानित कविगणों में अंजनी सिंह, घनश्याम सिंह, मुन्नीलाल साहू, रामदेव बहोरी, योगेश शुक्ला, ओज कवि शिवतोष संघर्षी, चन्द्र मोहन चन्द्र अज्ञानी, दादा सतीश सिंह आदि मौजूद रहे।

ओज कवि शिवतोष संघर्षी की रचना..ओज कवि क्यों चीखता है पर श्रोता मुग्ध हो उठे और चारों ओर तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। कार्यक्रम का यादगार संचालन योगेन्द्र सिंह (वाई.पी.) ने किया।

https://www.indiainside.org/post.php?id=4594