नई दिल्ली/वाराणसी, 25 दिसम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● सम्मान बढ़ाती है जिम्मेदारियां, आज जो कुछ हूँ महामना का आशीर्वाद
बीएचयू के संस्थापक भारतरत्न पं• महामना मदन मोहन मालवीय जी के 157वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली के विज्ञान भवन में महामना मालवीय मिशन की ओर से आयोजित महामना मालवीय जी: ए मल्टीफेसेट पर्सनालिटी विषयक संगोष्ठी के दौरान सामाजिक सेवा के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए सर सुन्दरलाल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो• विजयनाथ मिश्र को सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे और सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रदान की।
इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि अवार्ड हमारी जिम्मेदारियों को और भी बढ़ा देती है, हम जो भी कार्य कर रहे है उसे निष्ठापूर्वक करते है। उन्होंने कहा कि आज जो कुछ भी हूँ महामना जी के आशीर्वाद के कारण हूँ, हम सब उनकी बगिया के फूल है। महामना जी ने चिकित्सा सेवा के लिए जो कल्पना की वह सर सुन्दरलाल लाल अस्पताल जनता की सेवा में नित नए प्रतिमान गढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्त्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत जो कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल व राज्य स्वास्थ्य मंत्री अश्वनी चौबे के नेतृत्व में चल रहा है उसका लाभ मरीज उठा रहे है। जरूरतमंद मरीजों और उनके तीमारदारों को निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी करा दी गई है। कोई भी मरीज स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे इसकी लगातार मॉनिटरिंग मैन्युअल व सोशल प्लेटफॉर्म से की जा रही है। मरीजों की सुविधा के लिए ट्वीटर पर हेल्पलाइन सुविधा भी दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की मदद और उनकी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए हम संकल्पित है।
इस दौरान मंत्री अश्वनी चौबे ने केंद्र की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी सभी के समक्ष रखते हुए महामना की स्मृतियों को स्मरण किया। इस दौरान मंत्री सतपाल सिंह, यूजीसी चेयरमैन डीपी सिंह, सांसद अनुराग ठाकुर, संघ के वरिष्ठ सदस्य बजरंग लाल गुप्त सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित रहे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4617