---रंजीत लुधियानवी, कोलकाता, 21 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
देश की जनता भाजपा के खिलाफ है और जो उम्मीदवार भाजपा को पराजित करने में सक्षम होगा मतदाता उसे ही वोट देंगे। लोकतांत्रिक जनता दल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार श्रीवास्तव और अमिताभ दत्त का कहना है कि केंद्र में लोकसभा चुनाव के बाद मोदी सरकार की वापसी नहीं होगी। दल की राज्य इकाइ की सांगठनिक कमेटी के गठन की घोषणा के दौरान कोलकाता प्रेस क्लब में सोमवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने यह जानकारी दी। कमेटी में कुल मिलाकर 15 सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि आगामी एक महीने के दौरान दल की दूसरी कमेटियों का गठन किया जाएगा। श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार की वापसी की संभावना नहीं है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संभावना व्यक्त की है कि भाजपा को 125 सीटें मिलेंगी, जबकि हमारे दल के नेता शरद यादव ने कहा है कि इतनी सीटें भी नहीं मिलेंगी। मेरा मानना है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात समेत दूसरे राज्यों के मौजूदा हालात को देखते हुए भाजपा को 100 सीटें भी नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सीटों का आंकड़ा अगर 50 तक रह जाए तब भी किसी को हैरान होने की जरुरत नहीं है।
उन्होंने कहा कि हाल के चुनावी नतीजों से साफ है कि नेता नहीं जनता भाजपा को पराजित कर रही है। इसलिए प्रधानमंत्री कोई मुद्दा नहीं है, देश के लोगों ने परिवर्तन का मूड बना लिया है। उन्होंने कहा कि हम पश्चिम बंगाल समेत देश के सभी राज्यों में एक या दो सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
इसी तरह, दत्त ने भी कहा कि 2014 में भाजपा गठबंधन को 282 सीटें मिली थी, लेकिन इतने लोकप्रिय प्रधानमंत्री के होते हुए भी करीब पांच साल में सीटें की संख्या घट कर 269 रह गई है। बिहार और उत्तर प्रदेश की 120 सीटों में कम से कम 100 सीटें भी उन्हें नहीं मिलेगी। इस तरह सीटों की संख्या घट कर 169 रह जाती है। अगर दूसरे राज्य में घटने वाली सीटों के आंकड़े जोड़े तो यह संख्या बहुत नीचे तक जाएगी। इस बारे में पूछे एक सवाल के जवाब में नेताओं ने कहा कि यूपीए की 212 से 44, जनता दल की 145 से 45 सीटें रह गई थी। इसलिए माना जा सकता है कि भाजपा की सीटों में भारी कमी होगी।
https://www.indiainside.org/post.php?id=4799