नेशनल इंस्टिट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) ने सोमवार को देश में मौजूद सभी यूनिवर्सिटी की 2017 की रैंकिंग जारी की है। एनआईआरएफ के मुताबिक देश के शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों की रैंकिंग (ओवरऑल) में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) को 10वां स्थान मिला है। रैंकिंग देने के अलग अलग पैमाने तय किए थे। विश्वविद्यालय श्रेणी में बीएचयू को तीसरा स्थान मिला है। जबकि पहला स्थान भारतीय विज्ञान संस्थान बंगलौर को मिला है। ओवरऑल रैंकिंग में भी भारतीय विज्ञान संस्थान बंगलौर सबसे आगे है। देश के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेजों मे आईआईटी बीएचयू को 30वां स्थान प्राप्त हुआ है। जबकि आईआईटी मद्रास पहले स्थान पर है। देश के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में बीएचयू प्रबंधन संस्थान को 28वां स्थान प्राप्त हुआ है। आईआईएम अहमदाबाद पहले स्थान पर है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने सोमवार को एनआईआरएफ के तहत भारतीय संस्थानों की रैंकिंग का दूसरा संस्करण जारी किया। एनआईआरएफ ने विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, फार्मेसी और प्रबंधन संस्थाओं के लिए गत वर्ष चार अप्रैल को पहली भारतीय रैंकिंग, 2016 प्रस्तुत की थी।
बता दें कि एचआरडी मिनिस्ट्री की ओर से 2016 से एनआईआरएफ के तहत देश के शिक्षण संस्थाओं की रैंकिंग शुरू हुई है। इस में देशभर की सभी यूनिवर्सिटी को रैंकिंग दी जाती है। बता दें कि एनआईआरएफ के अलावा देश में शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) और नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रिडिएशन (एनबीए) करते हैं। बहरहाल इन टॉप-10 संस्थाओं को राष्ट्रपति 10 अप्रैल को सम्मानित करेंगे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=49